रोजगार सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले में 25 नियोजकों ने लिया हिस्सा, बड़ी संख्या में युवाओं का हुआ चयन

बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देश पर भागलपुर में रोजगार सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में 25 नियोजकों ने हिस्सा लिया और 613 युवाओं का चयन किया....

रोजगार सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले में 25 नियोजकों ने लिया
भागलपुर में रोजगार सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा स्वरोजगार और व्यावसायिक अवसरों की जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को भागलपुर के जिला स्कूल परिसर में एक दिवसीय रोजगार सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देश पर जिला नियोजनालय, भागलपुर द्वारा आयोजित इस मेले में 25 नियोजकों ने भाग लिया, जहां कुल 1821 युवाओं ने अपना बायोडाटा जमा किया और इनमें से 613 युवाओं का चयन हुआ। जिला नियोजनालय के प्रेस नोट (ज्ञापांक 889, दिनांक 20 नवंबर 2026) के अनुसार यह आयोजन शाम पांच बजे सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।


अतिथियों ने किया मेले का उद्घाटन, कौशल विकास व स्वरोजगार पर दिया जोर

मेले का उद्घाटन उप विकास आयुक्त रवि राकेश, उप निदेशक (नियोजन) शंभूनाथ सुधाकर, उप समाहर्ता विनोद कुमार और महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य राजीव कुमार झा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में सीधे नियोजकों से जुड़ने का अवसर देता है तथा युवाओं को अपनी कौशल क्षमता बढ़ाने, योग्यता के अनुरूप अवसर तलाशने और स्वरोजगार के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।


10 सरकारी विभागों के स्टॉल लगे, योजनाओं व करियर मार्गदर्शन की मिली जानकारी

आयोजन के दौरान युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन और उद्यमिता विकास से जुड़ी अहम जानकारियां प्रदान की गईं, साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से भी अवगत कराया गया। मेले में जिला नियोजनालय, जिला प्रशासन, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, आरसेटी, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जीविका, आत्मा और जिला उद्योग केंद्र समेत कुल 10 सरकारी विभागों व संस्थानों ने स्टॉल लगाए, जहां कुल 951 आवेदन व मार्गदर्शन प्राप्त हुए।


पंकज कुमार सिंह ने की रोजगार मेलों के नियमित आयोजन की मांग

इस अवसर पर एक्स आर्मी सह समाजसेवी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार को इस तरह के रोजगार मेलों का नियमित आयोजन करना चाहिए, ताकि प्रदेश के नवयुवकों को रोजगार व नौकरी के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मिलेगा तो बिहार भी तरक्की की राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा।


बिहार में रोजगार मिलने से पलायन पर लगेगी रोक, जताई अपील

पंकज कुमार सिंह ने कहा कि रोजगार की तलाश में बिहार के युवाओं को दूसरे प्रदेशों का रुख करना पड़ता है, जबकि अपने ही राज्य में पर्याप्त अवसर मिलने पर युवा अपने घर-परिवार के बीच रहकर काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे दूसरे राज्यों में होने वाले पलायन में कमी आएगी और सरकार से रोजगार के ऐसे अवसर लगातार उपलब्ध कराने की अपील की।


बालमुकुंद की रिपोर्ट