Bihar News : कटिहार में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 25 हजार के इनामी कुख्यात अंकित चौहान को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और पिस्टल किया बरामद
Bihar News : कटिहार पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे और 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी अंकित चौहान को नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
KATIHAR : कटिहार जिला पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे और जिला पुलिस की हिटलिस्ट में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी अंकित चौहान को नगर थाना पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई तब की जब वह एक बार फिर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
संतोषी चौक के पास स्कॉर्पियो में रची जा रही थी बड़ी साजिश
मामले की जानकारी देते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि पुलिस को एक बेहद पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र के ड्राइवर टोला स्थित संतोषी चौक के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर कुछ शातिर अपराधी इकट्ठा हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना की अंतिम रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर नगर थाना पुलिस और जिला पुलिस की तकनीकी सेल ने संयुक्त रूप से एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया और तुरंत मौके की ओर कूच किया।
पुलिस को देख भागने की कोशिश, घेराबंदी कर दबोचा
संतोषी चौक के पास जैसे ही पुलिस की टीम पहुंची, स्कॉर्पियो में बैठे अपराधियों में हड़कंप मच गया। पुलिस बल को अपनी ओर आता देख अपराधी गाड़ी से कूदकर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और खदेड़कर मुख्य आरोपी अंकित चौहान को मौके पर ही धर दबोचा। हालांकि, इस दौरान उसके कुछ अन्य साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने जब पकड़े गए अपराधी की तलाशी ली, तो उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, 31 पीस जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए, साथ ही वारदात में इस्तेमाल हो रही स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
चर्चित धीरज साह हत्याकांड का मुख्य आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अंकित चौहान एक आदतन और बेहद शातिर अपराधी है। वह कटिहार के बहुचर्चित धीरज साह हत्याकांड में मुख्य रूप से वांछित था और तभी से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। लगातार फरार रहने के कारण ही पुलिस मुख्यालय द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था। अंकित चौहान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कटिहार के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, व्यापारियों से रंगदारी वसूलने तथा अवैध आर्म्स एक्ट के तहत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
इस बड़ी कामयाबी के बाद नगर थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक नई प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि अंकित चौहान से गुप्त स्थान पर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके पूरे सिंडिकेट और हथियारों के सप्लायरों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही, मौके से फरार हुए उसके अन्य सहयोगियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी अभियान चला रही हैं।
श्याम की रिपोर्ट