Bihar News : कटिहार में पटना हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई, NHAI की भूमि पर चला बुलडोजर, कई अवैध दुकानें हुई ध्वस्त
Bihar News : कटिहार के मनिहारी अनुमंडल के अंबेडकर चौक के समीप NHAI की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई 8 से 9 दुकानों को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटाया......पढ़िए आगे
KATIHAR : कटिहार जिले के मनिहारी अनुमंडल अंतर्गत अंबेडकर चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाई गई 8 से 9 दुकानों को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह हटा दिया है। यह पूरी कार्रवाई पटना उच्च न्यायालय (Patna High Court) के सख्त आदेश के अनुपालन में की गई है। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी।
कार्रवाई की जानकारी देते हुए मनिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) त्रिलोकी नाथ सिंह ने बताया कि माननीय पटना उच्च न्यायालय द्वारा सीडब्ल्यूजेसी (CWJC) संख्या 5484 में पारित आदेश के आलोक में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग, पूर्णिया संभाग के कार्यकारी अभियंता द्वारा इस भूमि पर अवैध अतिक्रमण को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद न्यायालय के निर्देशानुसार प्रशासन ने नियमानुसार यह कदम उठाया है।
अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बिनोद कुमार और मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस बल ने मोर्चा संभाला ताकि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
इस पूरी प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सनत कुमार और राजस्व पदाधिकारी रामसागर पासवान सहित अन्य कई प्रमुख अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अंबेडकर चौक के पास एनएचएआई की बेशकीमती भूमि को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त करा लिया गया है।
श्याम की रिपोर्ट