ट्रेन में यात्री का आया हार्ट अटैक : आरपीएफ जवानों ने दिखाई तत्परता, महिला सब-इंस्पेक्टर ने सीपीआर देकर बचाई यात्री की जान

कटिहार जिले में आरपीएफ जवान एक यात्री के लिए देवदूत बने। कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री को हार्ट अटैक आने के बाद आरपीएफ महिला सब-इंस्पेक्टर ने बिना समय गवांए उन्हे सीपीआर देना शुरु किया, जिससे यात्री की जान बच गई....

महिला सब-इंस्पेक्टर ने सीपीआर देकर बचाई यात्री की जान - फोटो : श्याम

Katihar : कटिहार में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान एक यात्री के लिए देवदूत साबित हुए। मालदा से जोगबनी जा रही कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रहे तेजस मंडल नामक यात्री की स्टेशन पहुँचने से ठीक पहले अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा (हार्ट अटैक) आ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्लेटफार्म पर तैनात आरपीएफ की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए यात्री को बोगी से बाहर निकाला और त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।


सब-इंस्पेक्टर सरिता (सारिका) और उनकी टीम ने बोगी से निकालकर दिया सीपीआर

जानकारी के अनुसार, कटिहार स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर आरपीएफ की महिला सब-इंस्पेक्टर सरिता (सारिका) अपने सहयोगियों के साथ गश्त कर रही थीं। इसी दौरान एक अन्य सह-यात्री ने उन्हें सूचना दी कि ट्रेन की बोगी में एक व्यक्ति को हार्ट अटैक आया है। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर सरिता तुरंत अपनी टीम के साथ बोगी में पहुँचीं और मरीज तेजस मंडल को ट्रेन से नीचे उतारा। उन्होंने बिना समय गंवाए मरीज को सीपीआर (CPR) देना शुरू किया और प्राथमिक उपचार दिया।


इलाज के बाद खतरे से बाहर हुए तेजस मंडल, परिजनों ने जताया आभार

आरपीएफ द्वारा दिए गए समय पर सीपीआर और प्राथमिक उपचार के बाद यात्री की सांसें बहाल हुईं। इसके तुरंत बाद आरपीएफ टीम ने एम्बुलेंस के जरिए मरीज को बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों की देखभाल में इलाज के बाद तेजस मंडल पूरी तरह स्वस्थ होकर खतरे से बाहर आ गए और अपने घर के लिए रवाना हो गए।


'ट्रेनिंग आई काम, जान बचाकर बेहद खुशी हुई' — आरपीएफ अधिकारी

मामले पर आरपीएफ अधिकारी सरिता (सारिका) ने बताया कि आरपीएफ जवानों को समय-समय पर सीपीआर और आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। उसी प्रशिक्षण की बदौलत आज वे एक यात्री की अनमोल जान बचाने में सफल रहीं। यात्री की जान बचने पर आरपीएफ के जवानों और अधिकारियों में खुशी की लहर है, वहीं स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी आरपीएफ की इस मुस्तैदी और मानवीय कार्य की जमकर सराहना की।


श्याम की रिपोर्ट