अंतिम सोमवारी को गोरखनाथ धाम और श्रद्धालुओं पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, तैयारी पूरी
सीमांचल के प्रसिद्ध 'मिनी बोल बम' कहे जाने वाले कटिहार जिले के ऐतिहासिक गोरखनाथ धाम मंदिर में सावन के आखिरी सोमवार को पुष्प वर्षा की तैयारी है। इस हवाई पुष्प वर्षा को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह है....
Katihar : बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा सावन के पवित्र महीने में राज्य के प्रमुख शिवालयों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई जा रही है। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और भक्तों की आस्था का सम्मान करना है। सावन के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के स्वागत और उनके उत्साह को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा यह भव्य व्यवस्था की गई है।
गोरखनाथ धाम और श्रद्धालुओं पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा
इसी कड़ी में सीमांचल के प्रसिद्ध 'मिनी बोल बम' कहे जाने वाले कटिहार जिले के आजमनगर स्थित ऐतिहासिक गोरखनाथ धाम मंदिर में सावन के आखिरी सोमवार को पुष्प वर्षा की तैयारी की गई है। इस दौरान मंदिर परिसर और बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने आए कांवरियों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश होगी। इस आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग मिलकर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने तैयारियों का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने आयोजन की पुष्टि करते हुए बताया कि सावन के अंतिम सोमवार को होने वाले इस भव्य कार्यक्रम के लिए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा से जुड़ी तमाम तैयारियाँ पूरी की जा रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मंदिर आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और यह धार्मिक अनुभव सभी के लिए स्मरणीय और सुखद बने।
500 साल पुराना मंदिर और सफेद शिवलिंग की अनोखी मान्यता
गोरखनाथ धाम का इतिहास लगभग 500 वर्ष पुराना है और यह बिहार के पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इस मंदिर की सबसे बड़ी खासियत यहाँ स्थापित 'आप रूपी' सफेद शिवलिंग है, जो भक्तों की अटूट आस्था का केंद्र है। सावन के हर सोमवार को हजारों काँवरिया मनिहारी घाट से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए यहाँ पहुँचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।
पहली बार पुष्प वर्षा से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह
इतिहास में पहली बार गोरखनाथ धाम में कांवरियों और मंदिर परिसर पर होने जा रही इस हवाई पुष्प वर्षा को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सदियों पुरानी परंपरा और जन-आस्था को समेटे इस धाम में सरकारी स्तर पर हुए इस विशेष आयोजन ने सावन महोत्सव के आनंद और भक्तिमय माहौल को कई गुना बढ़ा दिया है।
श्याम की रिपोर्ट