दो बस संचालकों के विवाद में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 8 नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
कटिहार जिले के फलका-कटिहार मार्ग पर यात्री बसों के संचालन को लेकर दो बस संचालकों के बीच जारी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फलका बाजार स्थित एक धर्मकांटा के समीप खड़ी तीन यात्री बसों पर बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं....
Katihar : जिले के फलका-कटिहार मार्ग पर यात्री बसों के संचालन को लेकर दो बस संचालकों के बीच जारी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फलका बाजार स्थित एक धर्मकांटा के समीप खड़ी तीन यात्री बसों पर बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस भीषण गोलीबारी में तीनों बसों के सामने के शीशे पूरी तरह टूटकर बिखर गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
पुलिस की देरी से नाराज लोगों ने स्टेट हाईवे-77 किया जाम
घटना की सूचना देने के बाद भी पुलिस के विलंब से पहुंचने का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों और आक्रोशित बस संचालकों ने फलका बाजार के मुख्य चौक पर स्टेट हाईवे-77 (फलका-गेड़ाबाड़ी मार्ग) को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी मिलते ही फलका थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
5 लाख की रंगदारी और जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ित बस संचालक मो. इसरार आलम ने घटना के संबंध में फलका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पूर्णिया जिले के बजराहा (थाना धमदाहा) निवासी बुलेट यादव, अपने भांजे कबीर कुमार यादव, कुक्कू यादव व अन्य साथियों के साथ तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आया और खड़ी बसों पर फायरिंग कर दी। पीड़ित का आरोप है कि पूर्व में हुए विवाद के समझौते के नाम पर आरोपियों ने 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और रकम न देने पर बसें न चलने देने तथा हत्या की धमकी दी थी।
घटनास्थल से 3 खोखे बरामद, FSL टीम ने की जांच
वारदात की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 सुनील कुमार शर्मा पुलिस बल और फॉरेंसिक (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण करते हुए तीन खोखे बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर मामले की वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है।
8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, कार्रवाई जारी
सदर डीएसपी-2 सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित बस संचालक के आवेदन पर बस स्टैंड संचालक सहित आठ नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
श्याम की रिपोर्ट