Bihar News : अनैतिकता के प्रतीक राजद को गठबंधन धर्म पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं: श्याम सुन्दर शरण

Bihar News : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने राजद पर तंज कसा है. उन्होंने कहा की राजद को गठबंधन धर्म पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.......पढ़िए आगे

राजद को कोई अधिकार नहीं - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने राजद के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज जो लोग नितीश कुमार को हटाने की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने राजनीतिक चरित्र और इतिहास का आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2004 से 2009 तक मनमोहन  सरकार में राजद “दुलरुआ” बनकर सत्ता का सुख भोगता रहा और अपने दर्जन भर नेताओं को मंत्री बनवाया। लेकिन 2009 से 2014 के बीच वही राजद सत्ता से ऐसे गायब हो गया, जैसे गधे के सिर से सींग।

श्याम सुन्दर शरण ने कहा कि बिहार में भी राजद और कांग्रेस का रिश्ता हमेशा अवसरवाद का उदाहरण रहा है—कभी सगाई, कभी तलाक। सत्ता के लिए ये लोग कभी सौतन तो कभी हमदम बनने लगते हैं, और परिवार के अंदर ही सिर फूटौव्वल की स्थिति बनी रहती है। जबकि एनडीए में कभी कोई विवाद नहीं रहा। 2020 में कम सीटों के बावजूद नीतीश कुमार सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री बने। 

उन्होंने कहा कि आज वही राजद, जो खुद गठबंधन निभाने में कभी सफल नहीं रहा, नितीश कुमार इस्तीफे की खबर को हटाने की बात कर “गठबंधन धर्म” का पाठ पढ़ा रहा है, जो पूरी तरह हास्यास्पद है। उन्होंने आगे कहा कि लालू प्रसाद यादव की राजनीति पर आज भी जनता में एक कहावत प्रचलित है—“ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको लालू ने ठगा नहीं।” बिहार की जनता अब इनकी अवसरवादी और स्वार्थी राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है।

अंत में उन्होंने कहा कि राजद को दूसरों को सलाह देने से पहले अपनी विश्वसनीयता और स्थिरता पर काम करना चाहिए, क्योंकि बिना सिद्धांत की राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चलती।