कटिहार समाहरणालय पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज

Bihar News :  NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में छात्रों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। कटिहार में छात्रों का प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नगर भवन से मार्च करते हुए समाहरणालय पहुंच गए।  


प्रदर्शन के दौरान अचानक भीड़ उग्र हो गई और प्रदर्शनकारियों ने समाहरणालय के मुख्य द्वार को तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।


पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए। घटना के दौरान समाहरणालय परिसर के बाहर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।


मामले को गंभीरता से लेते हुए कटिहार के जिलाधिकारी ने घटना का संज्ञान लिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं और पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है।


पटना में भी छात्रों का प्रदर्शन


NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ पटना में भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है। छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी थी, जिसके बाद छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।


बिहार के अलग-अलग जिलों में छात्रों के प्रदर्शन के बीच NEET विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। विपक्षी दल भी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को घेर रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
श्याम की रिपोर्ट