Bihar News : कटिहार में बेखौफ चोरों का कारनामा, मंदिर का ताला तोड़कर उड़ाए माता के गहने, CCTV में कैद हुई वारदात

Bihar News : कटिहार में डीएम ऑफिस से चंद कदम की दूरी पर सर्वमंगला सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में भीषण चोरी का मामला सामने आया है.......पढ़िए आगे

मंदिर में भीषण चोरी - फोटो : SHYAM

KATIHAR : जिले के सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्चाईबाड़ी स्थित प्रसिद्ध सर्वमंगला सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में बीती रात बेखौफ चोरों ने भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। असामाजिक तत्वों ने मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया और मां दुर्गा के बहुमूल्य आभूषण चुराकर फरार हो गए। मंदिर प्रशासन से जुड़े लोगों के अनुसार, चोरी की यह घटना देर रात लगभग 1:30 बजे घटित हुई। चोरों द्वारा गर्भगृह में घुसकर गहनों पर हाथ साफ करने की यह पूरी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसके फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है।

घटना के तुरंत बाद मंदिर कमेटी द्वारा स्थानीय पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश व मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

यह स्थान सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि मंदिर से महज चंद कदम की दूरी पर समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) के अलावा जिलाधिकारी (DM), पुलिस अधीक्षक (SP) और जिले के अन्य वरीय अधिकारियों के सरकारी आवास स्थित हैं।

हाई-प्रोफाइल इलाके में स्थित इतने महत्वपूर्ण मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इतने वीआईपी क्षेत्र में ऐसी वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है और यह श्रद्धालुओं की आस्था के साथ सीधा खिलवाड़ है।

श्याम की रिपोर्ट