थाने से महज चंद कदम पर स्थित ज्वेलरी दुकान को चोरो ने बनाया निशाना, शटर तोड़कर ले उड़े लाखों के ज्वेरात

कटिहार जिले मे बेखौफ बदमाशों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने थाने से थोड़ी दूर स्थित एक ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़ लाखों रुपये के ज्वेरात चोरी कर लिए। पूरी घटना सीसीटीवी मे कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....

ज्वेलरी दुकान को चोरो ने बनाया निशाना- फोटो : श्याम

Katihar : जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां आजमनगर थाना क्षेत्र से महज कुछ ही दूरी पर स्थित शिवनगर चौक के पास बेखौफ अपराधियों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने 'पप्पू ज्वेलरी' नामक दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस स्टेशन के इतने करीब हुई इस घटना के बाद से आजमनगर बाजार के व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर भारी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।


सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गुरुवार की अहले सुबह लगभग तीन बजे चार अज्ञात अपराधी दुकान के पास पहुंचे। उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से दुकान का शटर तोड़ा, फिर अंदर दाखिल हुए और दुकान में रखे चांदी के गहने समेट कर मौके से आसानी से फरार हो गए।


दो से तीन लाख रुपये के जेवर गायब 

दुकान संचालक पप्पू पोद्दार ने बताया कि वे बीती रात रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे। सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि दुकान के अंदर रखे लगभग दो से तीन लाख रुपये मूल्य के चांदी के सारे आभूषण गायब थे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।


जांच में जुटी पुलिस, फुटेज से पहचान की कोशिश 

घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दुकान का मुआयना किया। पुलिस ने दुकान व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर चारों संदिग्धों की पहचान की जा रही है और छापेमारी की जा रही है।


तुरंत गिरफ्तारी और आभूषण बरामदगी की मांग

थाने के पास हुई इस दुस्साहसिक वारदात से आक्रोशित स्थानीय कारोबारियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित दुकान मालिक पप्पू पोद्दार और स्थानीय व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी गए आभूषणों को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और घटना में शामिल चारों चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।


श्याम की रिपोर्ट