Bihar News : ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने पर फूटा चाचा का गुस्सा, 13 साल की मासूम भतीजी को पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar News : कटिहार ई-रिक्सा का सीट कवर फाड़ने के आरोप में एक निर्दयी चाचा ने अपने ही तेरह वर्षीय नाबालिग भतीजी को पीट पीट कर निर्मम तरह से हत्या कर दिया है......पढ़िए आगे

चाचा ने की भतीजी की हत्या - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार के कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शब्दा पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित रुचदेव सिमरिया लोहनी गांव से एक सनसनीखेज और दिल नहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने के मामूली से आरोप में एक कलियुगी चाचा ने अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग भतीजी कोमल कुमारी की बेरहमी से पिटाई कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।

मामले की जानकारी मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार सदलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, इस संगीन अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी चाचा और उसके परिवार के अन्य सदस्य अपने घर पर ताला लगाकर और सपरिवार मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

मृतिका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कोमल कुमारी के बड़े चाचा अखिलेश मंडल का ई-रिक्शा घर के पास खड़ा था। ई-रिक्शा की सीट का कवर फटा मिलने पर चाचा अखिलेश मंडल ने मासूम भतीजी पर ही इसे फाड़ने का आरोप लगा दिया। आक्रोशित होकर चाचा ने आज सुबह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर 13 वर्षीय मासूम कोमल की लाठी-डंडों से इतनी बेरहमी से पिटाई कर दी कि अत्यधिक चोट लगने के कारण बच्ची ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।  

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका कोमल कुमारी के सिर से मां का साया कुछ वर्ष पूर्व ही उठ चुका था। वह चार बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। मां के निधन के बाद से मृतिका का पालन-पोषण उसकी छोटी चाची मनीषा देवी बहुत लाड-प्यार से कर रही थीं। मां के असमय गुजर जाने के बाद मासूम बच्ची के साथ हुई इस बर्बरता ने परिजनों को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है।  

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतिका के पिता दिलीप कुमार मंडल, बहनें अंजलि कुमारी, ज्योति कुमारी, वंदना तथा भाई नंदू कुमार सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की बेदर्दी से हुई हत्या से पूरा गांव मर्माहत और आक्रोशित है। स्थानीय लोग आरोपी चाचा और उसके सहयोगियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी तथा उन्हें सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

श्याम की रिपोर्ट