Bihar News: गौशाला की आड़ में मुखिया कर रहा था पशु तस्करी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News:कटिहार में गौशाला की आड़ में चल रहे पशु तस्करी के बड़े रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आजमनगर थाना क्षेत्र से मुखिया मोहम्मद महबूब को गिरफ्तार किया गया है, जो जब्त मवेशियों को जिम्मेनामा पर लेकर अवैध तरीके से बेचने का काम करता था।

पशु तस्करी कर रहा था मुखिया- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के कटिहार जिले में गौशाला की आड़ में चल रहे पशु तस्करी के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आजमनगर थाना क्षेत्र के बेरिया चांदपुर गांव के मुखिया मोहम्मद महबूब को गिरफ्तार कर लिया है, जो इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि मोहम्मद महबूब ने ‘SPCA’ (Society for Prevention of Cruelty to Animals) के नाम पर एक सोसाइटी बनाकर जब्त किए गए मवेशियों को गौशाला में रखने का जिम्मा लिया था।

मुखिया पर पशु तस्करी का आरोप 

आरोप है कि वह इन्हीं मवेशियों को बाद में अवैध रूप से बेचकर तस्करी करता था। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद जब टीम जांच के लिए गौशाला पहुंची, तो रिकॉर्ड के अनुसार वहां 270 मवेशी होने चाहिए थे, लेकिन मौके पर केवल 155 मवेशी ही पाए गए। संचालक के पास न तो मवेशियों से जुड़े जरूरी दस्तावेज मिले और न ही गायब पशुओं को लेकर कोई संतोषजनक जवाब।

पशु तस्करी का चल रहा था खेल 

प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि जब्त किए गए मवेशियों को जिम्मेनामा पर लेकर संगठित तरीके से उनकी तस्करी की जा रही थी। सीमांचल क्षेत्र पहले से ही पशु तस्करी के लिए संवेदनशील रहा है, जहां से मवेशियों को पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश तक भेजे जाने की आशंका जताई जाती रही है। शिखर चौधरी, एसपी कटिहार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मोहम्मद महबूब पर पहले से ही विभिन्न थानों में करीब आठ मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।

कटिहार से श्याम की रिपोर्ट