जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष: घर पर जबरन कब्जे का विरोध करने पर बुजुर्ग महिला पर हमला, वीडियो वायरल

कटिहार जिले के कुचेली गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक झड़प हुई है। इस मारपीट की घटना में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिसका अस्पताल मे इलाज चल रहा है....

जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष- फोटो : श्याम

Katihar : जिले के डंडखोरा थाना क्षेत्र के कुचेली गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक झड़प हुई है। इस मारपीट की घटना में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ हमला करते हुए साफ नजर आ रहे हैं।


पंजाब में रहने वाले प्रवासी मजदूर के परिवार पर हमला

घायल पक्ष के मनोहर केवट ने बताया कि वे पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। उनके परिवार का आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति में गांव के कुछ दबंग लोगों ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करके मकान बना लिया है। इसके साथ ही, आगे की बिहार सरकार की जमीन पर भी अवैध अतिक्रमण किया गया है। 


जब परिवार के लोगों ने इस अवैध कब्जे का विरोध किया, तो दूसरे पक्ष के पांच से अधिक परिवारों के लोग एकजुट होकर उनके घर पर टूट पड़े, जिसमें उनकी बुजुर्ग मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।


सदर अस्पताल में इलाज जारी, थाने में मामला दर्ज

इस मारपीट में घायल लोगों को तुरंत कटिहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष की ओर से डंडखोरा थाने में लिखित मामला दर्ज कराया गया है। 


फिलहाल, पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


श्याम की रिपोर्ट