Bihar News : खगड़िया में ट्रैक्टर से टकराया तेज रफ्तार ऑटो, भतीजे को परीक्षा दिलाकर लौट रहे शख्स की हुई मौत, 6 लोग हुए जख्मी

Bihar News : खगड़िया में भतीजे को परीक्षा दिलाकर लौट रहे चाचा की सड़क हादसे में मौत हो गयी. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.....पढ़िए आगे

सड़क हादसे में गयी जान - फोटो : SOCIAL MEDIA

KHAGARIA : खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) स्थित सपहा ढाला के समीप रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में परबत्ता थाना क्षेत्र के कन्हैयाचक गांव निवासी कुंदन कुमार मिश्र की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुंदन कुमार मिश्र अपने भतीजे आदर्श कुमार को दरभंगा से पॉलिटेक्निक की परीक्षा दिलाकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नियति ने रास्ते में ही उनके जीवन का सफर समाप्त कर दिया।

दिल दहला देने वाली यह घटना उस वक्त हुई जब सवारियों से भरा एक तेज रफ्तार ऑटो एनएच-31 पर आगे चल रहे एक ट्रैक्टर से पीछे से बेहद जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद ऑटो में फंसे लहूलुहान यात्रियों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों और राहगीरों की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में पहुँचाया गया।

इस दर्दनाक हादसे में कुंदन कुमार मिश्र की घटनास्थल पर ही सांसें टूट गईं, जबकि उनके भतीजे आदर्श कुमार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में ऑटो चालक मोहम्मद रिशाद, स्वेता देवी (पति सुबोध सिंह), पुनीता देवी (पति संजय दास) और अभिनव कुमार शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही महेशखूंट थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि सभी घायलों को त्वरित इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल और गोगरी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही कुंदन कुमार मिश्र का शव उनके पैतृक गांव कन्हैयाचक पहुँचा, वैसे ही पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतक की वृद्ध मां, पत्नी और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के इस असहनीय विलाप और चित्कार को देखकर सांत्वना देने पहुंचे आसपास के ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। गांव का हर नागरिक इस आकस्मिक घटना से गहरे शोक में डूबा हुआ है।

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद एक बार फिर एनएच-31 पर वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश है कि इस मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन निर्दोष लोगों की जान जा रही है। लोगों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि इस दुर्घटना संभावित क्षेत्र (ब्लैक स्पॉट) पर ट्रैफिक नियंत्रण के कड़े उपाय किए जाएं और ओवरस्पीडिंग करने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

अमित की रिपोर्ट