15 साल बाद भी अधूरा बख्तियारपुर-ताजपुर महासेतु: 3 गुना बढ़ी लागत और 4 बार बदली डेडलाइन, अब जून 2027 तक होगा पूरा!

बिहार के बख्तियारपुर-ताजपुर महासेतु का काम 15 साल बाद भी अधूरा है। बार-बार देरी से लागत 1,603 करोड़ से बढ़कर 4,572 करोड़ रुपये पहुंच गई है। अब जून 2027 की नई डेडलाइन तय हुई है, जिससे उत्तर बिहार की दूरी 30-50 किमी घटेगी।

bakhtiyarpur tajpur bridge project delay
15 साल बाद भी अधूरा बख्तियारपुर-ताजपुर महासेतु, लागत बढ़कर 4,572 करोड़ पहुंची- फोटो : news 4 nation

बिहार की बहुप्रतीक्षित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल बख्तियारपुर-ताजपुर महासेतु का काम 15 साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। साल 2011 में शुरू हुई इस परियोजना में जमीन अधिग्रहण की अड़चनों, कानूनी पेचीदगियों और वित्तीय समस्याओं के चलते बार-बार रुकावटें आईं। नतीजतन यह महासेतु आज भी अधूरा है और लोगों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृहक्षेत्र को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले इस प्रोजेक्ट पर साल 2011 से काम चल ही रहा है।बख्तियारपुर के करजान से हाजीपुर-समस्तीपुर रोड पर स्थित ताजपुर को जोड़ने वाली 6 लेन ग्रीनफील्ड इस परियोजना की कुल लंबाई 51 किमी है। जिसमें पुल की लंबाई 5.50 किलोमीटर है।


तीन गुना बढ़ी लागत, 4,572 करोड़ पर पहुंची

नवंबर 2011 में जब इस महासेतु का निर्माण शुरू हुआ था, तब इसकी अनुमानित लागत 1,603 करोड़ रुपये थी और मई 2016 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लगातार देरी और काम में रुकावटों के कारण परियोजना का बजट करीब तीन गुना बढ़कर 4,572 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।


चार बार बदली डेडलाइन, अब जून 2027 का लक्ष्य

समय के साथ इस महासेतु की डेडलाइन चार बार बदल चुकी है। पहले इसे मई 2016, फिर 2018, मार्च 2020 और फरवरी 2026 तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई थी। अब राज्य सरकार ने इसे पूरा कर चालू करने के लिए जून 2027 की नई डेडलाइन निर्धारित की है।


साढ़े तीन साल ठप रहने के बाद 2023 में बहाल हुआ काम, फिर 

प्रोजेक्ट से जुड़ी बाधाओं और कानूनी विवादों के चलते करीब साढ़े तीन साल तक निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रहा। मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचने और एजेंसी के अनुरोध पर इकरारनामा पुनर्जीवित होने के बाद अगस्त 2023 में काम दोबारा शुरू हो सका, जिसे अब जून 2027 तक पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। लेकिन इसी बिच इसी वर्ष 3- 4 जुलाई कि दरमियानी रात निर्माण कार्य के दौरान स्लैब का एक हिस्सा टूटकर गिर गया, जिससे पांच मजदूर घायल हो गए. तीन मजदूरों को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है।


30 से 50 किमी घटेगी दूरी, व्यापार को मिलेगी रफ्तार

बख्तियारपुर-ताजपुर महासेतु के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान हो जाएगा और उत्तर बिहार के कई हिस्सों की दूरी 30 से 50 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। इससे पटना, समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा, वहीं झारखंड, पश्चिम बंगाल और नेपाल जाने वाले वाहनों के लिए सफर सुगम होने से व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बड़ी गति मिलेगी।