Bihar News : पति से फोन पर विवाद के बाद पत्नी ने कोसी नदी में लगाई छलांग, इलाके में मचा हड़कंप

KHAGARIA : जिले के पसराहा थाना क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति-पत्नी के बीच हुए कथित विवाद के बाद एक महिला ने बीरबास पीपा पुल से कोसी नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस और SDRF की टीम महिला की तलाश में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान सविता कुमारी (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गोगरी प्रखंड के पैकांत गांव की रहने वाली थी। उसके पति सिंटू कुमार वर्तमान में मद्रास (चेन्नई) में रहकर काम करते हैं।

बताया जा रहा है कि घटना से ठीक पहले सविता कुमारी की अपने पति से फोन पर किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बहस के बाद महिला काफी आक्रोशित और तनाव में थी। इसी बीच वह बीरबास पीपा पुल पर पहुंची, जहां उसने अपना पहचान पत्र पुल पर ही छोड़ दिया और देखते ही देखते कोसी नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना अध्यक्ष नवीन कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) को सूचित कर दिया गया है, ताकि महिला की जल्द से जल्द खोजबीन की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर किन परिस्थितियों में महिला ने इतना बड़ा कदम उठाया।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता राजेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने करीब 10 वर्ष पूर्व अपनी बेटी की शादी सिंटू कुमार से की थी। सविता कुमारी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले ही बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी और उस दौरान किसी तरह के विवाद या तनाव की कोई जानकारी नहीं मिली थी। ऐसे में अचानक इस तरह की घटना परिवार के लिए पूरी तरह अप्रत्याशित और सदमे से भर देने वाली है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बीरबास पीपा पुल पहले भी इस तरह की घटनाओं को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और हर कोई इस दुखद घटना को लेकर स्तब्ध नजर आया। फिलहाल SDRF की टीम कोसी नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।

अमित की रिपोर्ट