खगड़िया में सुबह सुबह वज्रपात का कहर, पिता-पुत्र समेत पांच की मौत, कई झुलसे, मातम पसरा

बिहार में लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है। इसी क्रम में खगड़िया में पांच लोगों की गुरुवार को व्रजपात की चपेट में आने से मौत हो गई.

lightning in Khagaria- फोटो : news4nation

Bihar News : खगड़िया जिले में गुरुवार को हुए तेज वज्रपात ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के चौथम एवं बेलदौर प्रखंड में ठनका गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पिता-पुत्र समेत कुल पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। घटनाओं के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।


जिले के पौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हौली बहियार स्थित दुखहरण बाबा स्थान के समीप गुरुवार सुबह खेत में काम करने के दौरान अचानक ठनका गिर गया। इस हादसे में कन्हौली यादव टोला निवासी 62 वर्षीय विद्यानंद यादव, उनके पुत्र 26 वर्षीय आशुतोष यादव तथा आशुतोष के 10 वर्षीय पुत्र अंकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।


वहीं घटना में विमल यादव एवं सुशील कुमार समेत चार लोग झुलस गए। घायलों में दो का इलाज चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि दो अन्य को बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेजा गया है। चौथम सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। पौरा थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और मामले की जांच की जा रही है।


इधर बेलदौर प्रखंड क्षेत्र में भी वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। पहली घटना बेलदौर थाना क्षेत्र के इतमादी सरस्वती नगर वार्ड संख्या 7 स्थित लबघड़िया गांव में हुई, जहां एक ही परिवार के पांच लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में 35 वर्षीय जवाहर शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में शंभू शर्मा, बेलो शर्मा, रुक्मणी देवी एवं रेखा देवी शामिल हैं। इनमें रेखा देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है।


वहीं दूसरी घटना बलैठा पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित नागपुर गांव में हुई, जहां 18 वर्षीय मणि लाल कुमार की ठनका गिरने से मौत हो गई। बेलदौर अंचलाधिकारी अमित कुमार ने दोनों घटनाओं में दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। इसके अलावा इतमादी पंचायत के भोरबथना गांव में वज्रपात से एक दुधारू गाय की भी मौत हो गई। लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

खगड़िया से अमित की रिपोर्ट