Bihar Road Accident : खगड़िया में अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो को रौंदा, दो महिलाओं और दो बच्चों समेत 6 की हुई मौत, सीएम ने अनुग्रह अनुदान का किया ऐलान
Bihar Road Accident : खगड़िया में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो रिक्शा को बेरहमी से रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई है.....पढ़िए आगे
KHAGARIA : बिहार के खगड़िया जिले से एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जिले के मानसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 31 (NH 31) पर पूर्वी ठाठा गांव के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो रिक्शा को बेरहमी से रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
हादसे के बाद भागते ट्रक ने कार और पिकअप को भी ठोका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खगड़िया से महेशखूंट की ओर जा रहे एक सवारी ऑटो (टेंपो) को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह कई टुकड़ों में बंट गया। इस दौरान ऑटो पर सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद भागने के चक्कर में ट्रक ड्राइवर ने आगे जाकर एक टाटा सफारी कार और एक पिकअप वैन को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन वाहनों में सवार लोग भी घायल हो गए। इसके बाद ड्राइवर कुछ ही दूरी पर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल ले जाने और इलाज के दौरान तीन अन्य ने तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ितों को सदर अस्पताल भिजवाया। हालांकि, दो घायलों की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हुई। अब तक मरने वालों में केवल एक की पहचान हो सकी है, जो पसराहा थाना क्षेत्र के सुबोध कुमार की 14 वर्षीया पुत्री स्वाति कुमारी थी। अन्य 5 मृतकों की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
घायलों की सूची और बेहतर इलाज के लिए रेफर
इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान कर ली गई है। घायलों में समस्तीपुर के रंजीत पासवान (30 वर्ष), गोगरी (रामपुर) की रेहमतुन खातून, पूर्णिया के दिवाकर कुमार, पसराहा (झंझरा) के प्रीतम कुमार, भरतखंड गांव के शिक्षक सुमन कुमार, संकु कुमार, मुंगेर की अनीता देवी और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। घायलों में से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए 'हायर सेंटर' रेफर कर दिया गया है। अचानक इतनी बड़ी संख्या में हताहतों के पहुंचने से खगड़िया सदर अस्पताल में भी भारी अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
सड़क पर लगा लंबा जाम, सदर एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद एनएच 31 पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ (SDPO) मुकुल कुमार रंजन पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू रूप से सामान्य कराया। सदर एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी का ट्रक जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अनुग्रह अनुदान का ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खगड़िया जिला के मानसी थाना क्षेत्र के ठाठा एन०एच०- 31 मार्ग पर सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की हुयी मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।मुख्यमंत्री ने सभी मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने इस सड़क हादसे में घायल लोगों के समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है एवं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
अमित की रिपोर्ट