Bihar News : खगड़िया में सनकी पति ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को चंद घंटों में किया गिरफ्तार
Khagaria : जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत पचला गांव (वार्ड संख्या-17) में मंगलवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ एक पति ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 22 अप्रैल की रात लगभग 11:30 बजे की है, जब आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुत्री के बयान पर मामला दर्ज
इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतका की पुत्री ने महेशखूंट थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या-66/26 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/61(2) बी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घेराबंदी कर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) गोगरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम और सशस्त्र बलों ने त्वरित छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी शिवकांत सिंह (46 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मृतका का पति है और पचला गांव का ही निवासी है।
पुलिस की मुस्तैदी की सराहना
महेशखूंट थाना पुलिस की इस सक्रियता की लोग सराहना कर रहे हैं, क्योंकि वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे पहुँच गया। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी और वारदात के पीछे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोगरी के साथ-साथ महेशखूंट थाना की पूरी टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली है।
अमित की रिपोर्ट