Bihar News : मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना, नई सूची में फिर नंबर-1 बना खगड़िया, बिहार के 153 में से अकेले 61 कलाकारों का हुआ चयन
Bihar News : इस बार 153 बुजुर्ग कलाकारों को पेंशन योजना की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस सूची में अकेले खगड़िया जिले से सबसे अधिक 61 कलाकारों का चयन किया गया है।
KHAGARIA : मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना की सूची बुधवार को जारी की गई, जिसमें बिहार के कुल 153 कलाकारों को पेंशन योजना की स्वीकृति मिली है। खास बात यह रही कि इस सूची में सबसे अधिक 61 कलाकार अकेले खगड़िया जिले से चयनित हुए हैं, जिससे जिले में खुशी का माहौल है। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर इससे पूर्व भी खगड़िया जिले के 27 कलाकारों को मुख्यमंत्री पेंशन योजना का लाभ मिला था और उन्हें प्रतिमाह ₹3000 की राशि दी जा रही है।
उस समय भी खगड़िया जिला पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर था और अब जारी नई सूची में भी खगड़िया ने फिर से राज्य में नंबर-1 स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि चयनित सभी 61 कलाकारों को मई माह से ₹3000 प्रतिमाह पेंशन के रूप में दी जाएगी। साथ ही तीसरी सूची के लिए भी खगड़िया जिले से अधिक से अधिक कलाकारों का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
पेंशन योजना की स्वीकृति मिलते ही जिले के कलाकारों, साहित्यकारों और लोक संस्कृति से जुड़े लोगों में खुशी देखी जा रही है। साहित्यकार एवं लेखक डॉ कामाख्या चरण मिश्रा, वयोवृद्ध संगीत कलाकार गोपीनाथ झा ने कहा कि मुख्यमंत्री पेंशन योजना में कलाकारों और साहित्यकारों को जोड़कर बिहार सरकार ने सराहनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि यह योजना बुजुर्ग कलाकारों के लिए सम्मान और सहारा दोनों साबित होगी। उन्होंने जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों के कारण ही जिले के कलाकारों को आज सम्मान और पहचान मिल रही है।
अमित की रिपोर्ट