छुट्टी पर आए पुलिस जवान ने की पत्नी की हत्या, अवैध हथियार से वारदात को दिया अंजाम

खगड़िया के भरतखंड थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस के एक जवान ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी के सीने में गोली दाग दी। बेगूसराय ले जाने के दौरान महिला की मौत हो गई। इस घटना से दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।

खगड़िया में छुट्टी पर आए पुलिस जवान ने पत्नी के सीने में मारी गोली, इलाज के दौरान मौत- फोटो : Reporter

बिहार के खगड़िया जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के भरतखंड थाना क्षेत्र के मथुरापुर लौनियाचक गांव में छुट्टी पर घर आए बिहार पुलिस के एक जवान ने कथित तौर पर अपनी ही पत्नी के सीने में गोली दाग दी। इस गंभीर वारदात के बाद घायल पत्नी को तुरंत इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


पंद्रह साल पहले हुई थी शादी, चल रहा था आपसी विवाद

मृतका की पहचान 15 साल पहले ब्याही गई श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मथुरापुर निवासी वेदानंद चौधरी के पुत्र गौतम कुमार बिहार पुलिस के गया जिला बल में पदस्थापित हैं। उनकी शादी परबत्ता प्रखंड की कबेला पंचायत निवासी नागेश्वर ठाकुर की पुत्री श्वेता कुमारी से हुई थी और दंपती के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन और विवाद चल रहा था।


गोली की आवाज से सहमे ग्रामीण, बेगूसराय ले जाने के दौरान मौत

शुक्रवार की देर शाम अचानक घर के भीतर चले गोली की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि श्वेता कुमारी खून से लथपथ पड़ी हैं। आनन-फानन में उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के लाख प्रयासों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।


एसपी शैलेन्द्र सिंह ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार को खगड़िया के एसपी शैलेन्द्र सिंह ने खुद मथुरापुर लौनियाचक गांव स्थित घटनास्थल का मुआयना किया और पूरे मामले की बारीकी से जानकारी ली। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से एक खोखा भी बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि आरोपी जवान ने वारदात को अंजाम देने के लिए अवैध हथियार का इस्तेमाल किया था।


आरोपी जवान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी

खगड़िया एसपी शैलेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि गया जिला बल में कार्यरत आरोपी जवान गौतम कुमार छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था और उसी ने अपनी पत्नी श्वेता कुमारी की गोली मारकर हत्या की है। घटना के बाद से पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है। इस घटना ने एक तरफ जहां एक हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया है, वहीं खाकी वर्दी पहने एक शख्स द्वारा खुद कानून को हाथ में लेने के कृत्य की चहुंओर निंदा हो रही है।

खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट