मुंबई में छठ गीतों के विरोध पर मंत्री डॉ. संतोष सुमन का कड़ा वार, राहुल गांधी,पीके और रोहिणी पर भी साधा निशाना

मुंबई में छठ गीतों के विरोध पर बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि लोक आस्था के महापर्व छठ का विरोध मानसिक दिवालियापन का प्रतीक है.....

मुंबई में छठ गीतों के विरोध पर मंत्री डॉ. संतोष सुमन का कड़ा
मुंबई में छठ गीतों के विरोध पर भड़के मंत्री डॉ. संतोष सुमन - फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के भोजपुरी गीत बजाए जाने और उस पर ठाकरे गुट के विरोध तथा कांग्रेस नेता हुसैन दलवई द्वारा समर्थन दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छठ महापर्व हिंदू सनातन धर्म का एक अत्यंत पवित्र और महान त्योहार है, जिसमें प्रकृति और भगवान सूर्य की उपासना की जाती है। ऐसे पावन पर्व पर टिप्पणी करने वाले पूरी तरह से मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों को नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं और छठ का तिरस्कार कर रहे हैं, वे राजनीति में पूरी तरह धरातल पर चले जाएंगे। उन्होंने इस मानसिकता की कड़ी निंदा की है।


प्रशांत किशोर पर तंज, बोले- 'सातवीं फेल पीएचडी नहीं हो सकते, सीएम सम्राट चौधरी और सरकार कर रही है बेहतर काम'

राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर कसे गए तंज का जवाब देते हुए डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि जिसके पास जो क्वालिफिकेशन है, वह उसके हिसाब से बात करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "सातवीं फेल व्यक्ति कभी पीएचडी नहीं हो सकता।" मंत्री ने कहा कि प्रशांत किशोर के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे लगातार एक ही बात दोहराते रहते हैं। वे मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों पर इसलिए टिप्पणी करते हैं ताकि लोग उन्हें सुनें और चर्चा में रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ बोलने से कोई फर्क नहीं पड़ता। आज बिहार में शांति और कानून व्यवस्था पूरी तरह बहाल है, राज्य में भारी निवेश आ रहा है और सरकार प्रदेश की प्रगति के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है।


राहुल गांधी पर हमला, कहा- "उनका आचरण देखकर लगता है कि वे देश के नहीं बल्कि किसी और दुनिया के प्राणी हैं"

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टेलीप्रॉम्प्टर को लेकर किए गए कटाक्ष का पलटवार करते हुए मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा उल्टी-सीधी बातें कर देश की जनता को भ्रमित करने का काम करते हैं। वे अक्सर विदेश जाकर देश की छवि धूमिल करते हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि समझ ही नहीं आता कि वे नेता हैं, अभिनेता हैं, संत हैं या फिर कोई कॉमेडियन। उनका आचरण ऐसा है कि लगता है वे इस देश के प्राणी ही नहीं बल्कि किसी अन्य ग्रह (एलियन) से आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को देश का 'स्वर्णकाल' बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश आर्थिक रूप से लगातार मजबूत हो रहा है और भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने का हमारा संकल्प है।


रोहिणी आचार्य के बयान पर सियासी तंज, बोले- "सत्ता से बेदखल होने के बाद अब आरजू-विनती करने से कुछ नहीं होगा"

राजद नेत्री रोहिणी आचार्य के उस बयान पर जिसमें उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना 'चाचा' बताया था और राजद नेता भाई वीरेंद्र द्वारा उसका समर्थन किए जाने पर मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि राजनीतिक परिवारों में व्यक्तिगत स्तर पर कोई दुश्मनी नहीं होती। जब नेता आपस में मिलते हैं तो वह एक शिष्टाचार और पारिवारिक माहौल के तहत होता है, क्योंकि नीतीश कुमार के साथ उनके पिता ने लंबे समय तक राजनीति की है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग हैं और उनकी पार्टी की विचारधारा हमेशा जनहित के लिए समर्पित रही है। राजद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब वे सत्ता से बाहर हो चुके हैं और जनता ने उन्हें नकार कर मात्र 25 सीटों पर समेट दिया है, तो अब चाचा कहने या आरजू-विनती करने से कुछ नहीं होगा। सरकार बनाने के लिए जनता के बीच जाकर उनका विश्वास जीतना पड़ता है।


मनोज की रिपोर्ट