नवविवाहित युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, महज 22 दिन पहले हुई थी शादी
Bihar Road Accident : अभी घर और ससुराल में शादी की खुशियां और रस्में पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि शादी के महज 22वें दिन ही युवक की मौत की खबर आ गई। इस घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है.....
Khagaria : बिहार के खगड़िया जिले से एक बेहद ही हृदयविदारक खबर सामने आई है। जिले के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-95 (SH-95) पर गुरुवार की देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस खौफनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश का माहौल है।
शादी के महज 22वें दिन ही पसरा मातम
मृतक युवक की पहचान मानसी थाना क्षेत्र निवासी नरेश यादव के 22 वर्षीय पुत्र चिक्कू कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने अत्यंत रुंधे गले से बताया कि चिक्कू कुमार की शादी बीते 6 मई को ही सैदपुर गांव में बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुई थी। अभी घर और ससुराल में शादी की खुशियां और रस्में पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि शादी के महज 22वें दिन ही चिक्कू की मौत की खबर आ गई। इस घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।
सड़क किनारे खड़े चलंत शौचालय टैंकर से टकराई तेज रफ्तार बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, चिक्कू कुमार अपने साथी अमित यादव (30 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मानसी बाजार से सैदपुर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एसएच-95 के किनारे खड़े नगर पंचायत मानसी के एक चलंत शौचालय टैंकर से उनकी बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि चिक्कू कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से जख्मी अमित यादव को तुरंत मानसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मुंगेर से अपनी ससुराल लौट रहा था चिक्कू
घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक चिक्कू कुमार मुंगेर जिले के तौफीर गांव से अपनी ससुराल सैदपुर आ रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और रास्ते में ही वह काल के गाल में समा गया। इस हादसे के बाद जहां मां और नवविवाहित पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण सड़क किनारे लावारिस खड़े रहने वाले वाहनों को लेकर काफी गुस्से में हैं।
प्रशासनिक लापरवाही पर भड़के ग्रामीण, पुलिस जांच में जुटी
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत का यह चलंत शौचालय टैंकर पिछले करीब छह महीनों से सड़क किनारे बिना किसी इंडिकेटर या सुरक्षा मानकों के खड़ा है, जिससे पहले भी कई छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो चुकी थीं। इधर, मानसी थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
अमित की रिपोर्ट