Bihar Crime : इलाज के बहाने जिस्मफरोशी ! बिहार में पुलिस ने क्लिनिक की आड़ की सेक्स रैकेट का किया पर्दाफाश, पत्नी सहित डॉक्टर को किया गिरफ्तार

KHAGARIA : बिहार के खगड़िया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक निजी क्लिनिक में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। गोगरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) साक्षी कुमारी के नेतृत्व में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने इलाके के स्वास्थ्य महकमे और स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मचा दिया है। यह अवैध कारोबार महेशखूंट-सहरसा मुख्य मार्ग पर स्थित एक किराए के मकान में संचालित हो रहा था।

घटना महेशखूंट चौक के पास स्थित 'हरिओम क्लिनिक' की है, जिसके संचालक डॉ. अभिमन्यु बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों को लंबे समय से इस क्लिनिक में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर शक था। गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने अचानक क्लिनिक पर छापेमारी की, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। मौके से कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की गई हैं, जो वहां देह व्यापार होने की पुष्टि करती हैं।

पुलिस की यह कार्रवाई केवल क्लिनिक तक ही सीमित नहीं रही। एसडीपीओ के निर्देश पर डॉक्टर के आवास पर भी तलाशी ली गई, जहां से प्रतिबंधित कोडीन सिरप (नशीली दवा) की खेप बरामद हुई है। इस बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जिससे न केवल अनैतिक देह व्यापार बल्कि नशीले पदार्थों की तस्करी के तार भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है।

SDPO साक्षी कुमारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में डॉक्टर अभिमन्यु और उनकी पत्नी की मुख्य भूमिका सामने आई है। ये दोनों मिलकर क्लिनिक की आड़ में इस अनैतिक धंधे को संरक्षण दे रहे थे। पुलिस ने साक्ष्य मिटाने की किसी भी संभावना को देखते हुए क्लिनिक को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और सभी गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।

इस खुलासे के बाद गोगरी अनुमंडल में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के पीछे एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है, जिसकी पहचान की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध कारोबार और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसे अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी छापेमारी जारी रहेगी। 

अमित की रिपोर्ट