खगड़िया में प्रेम प्रसंग में किशोर की मौत ! रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव, परिजनों का गंभीर आरोप
बताया जा रहा है कि किशोर ने घटना से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने प्रेम में असफलता और जीने की इच्छा खत्म होने की बात कही थी। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूद गया।
Khagaria murder : खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक घटना में 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, मानसी नगर पंचायत के पंचवटी टोला, अरैया गांव निवासी संजीव कुमार का शव मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि किशोर ने घटना से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने प्रेम में असफलता और जीने की इच्छा खत्म होने की बात कही थी। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूद गया।
हालांकि, मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब मृतक की मां ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले बेटे का पड़ोसियों से विवाद हुआ था और उसी रंजिश में उसकी हत्या कर शव को रेलवे पटरी पर फेंक दिया गया।
वहीं, मानसी थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
अमित की रिपोर्ट