Bihar News : खगड़िया में रील बनाने के जुनून ने ली किसान की जान, तेज रफ्तार बाइक ने मारी जोरदार टक्कर

Bihar News : खगड़िया में रील बनाने का जुनून एक किसान के लिए भारी पड़ गया. उसे तेज रफ़्तार बाइक ने टक्कर मार दी. जिससे उसकी मौत हो गयी........पढ़िए आगे

किसान की गयी जान - फोटो : AMIT

KHAGARIA : रील बनाने के चक्कर में तेज रफ्तार बाइक चलाने का शौक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत अगुवानी के अर्धनिर्मित फोरलेन पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित बाइक की टक्कर से 55 वर्षीय किसान कैलाश यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान खिराडीह निवासी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाश यादव गंगा नदी के किनारे से अपनी भैंस चराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में रील (Short Video) बनाते हुए आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रील बनाने के दौरान युवकों का ध्यान सड़क से भटक गया और बाइक अनियंत्रित होकर सीधे किसान से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैलाश यादव का सिर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे को अंजाम देने वाले तीनों युवक बन्देहरा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक भी सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। इनमें से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे आनन-फानन में परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं, बाइक पर सवार अन्य दो युवक मौके से फरार होने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया है और फरार युवकों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अर्धनिर्मित फोरलेन पर अक्सर युवक रील बनाने के लिए खतरनाक स्टंट और तेज रफ्तार ड्राइविंग करते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। परबत्ता थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रील बनाने और लापरवाही से वाहन चलाने के पहलू पर गहनता से जांच की जा रही है। दोषी युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, किसान की मौत के बाद पूरे खिराडीह गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। 

अमित की रिपोर्ट