Bihar Road Accident : खगड़िया में भीषण सड़क हादसा, हाइवा की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की हुई मौत, घर में मचा कोहराम

Bihar Road Accident : खगड़िया में एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है......पढ़िए आगे

सड़क हादसे में दो की मौत - फोटो : AMIT

KHAGARIA : जिले के चौथम थाना क्षेत्र से गुरुवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 107 पर सोनबरसा घाट के समीप घटी। तेज रफ्तार के कहर ने एक ही पल में एक परिवार के दो चिरागों को हमेशा के लिए बुझा दिया, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

मारे गए दोनों युवकों की पहचान बेलदौर थाना क्षेत्र के चोढ़ली गांव निवासी मोहम्मद दिलावर के पुत्रों के रूप में हुई है। इनमें एक की उम्र 22 वर्ष थी, जिसका नाम मोहम्मद अरवाज था, जबकि दूसरा उसका सगा भाई मोहम्मद असाव था। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दोनों भाई अपने गांव चोढ़ली स्थित घर से किसी काम के सिलसिले में बाइक पर सवार होकर महेशखूंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनवर्षा घाट के पास विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भयावह था कि हाइवा से टकराने के बाद दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक वाकये को देखकर वहां से गुजर रहे स्थानीय राहगीर सिहर उठे। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय चौथम थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची और कानून-व्यवस्था को संभालते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया।

पुलिस ने तत्काल कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर, जैसे ही इस भीषण हादसे और दोनों भाइयों की मौत की खबर चोढ़ली गांव स्थित उनके घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। सगे भाइयों की एक साथ इस तरह हुई दर्दनाक मौत से हर कोई मर्माहत है।

फिलहाल, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की सघन जांच में जुट गई है। इस बीच, स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एनएच-107 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। लोगों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से इस मार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित गति पर रोक लगाने के लिए स्पीड गवर्नर लगाने, समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाने और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की मांग की है।

अमित की रिपोर्ट