Bihar News : खगड़िया मंडल कारा में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप

Bihar News : खगड़िया मंडल कारा में रविवार की शाम एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस अचानक हुई घटना के बाद जेल प्रशासन महकमे में हड़कंप मच गया है।

विचाराधीन कैदी की मौत - फोटो : AMIT

KHAGARIA : खगड़िया मंडल कारा में रविवार की शाम एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मानसी थाना क्षेत्र के बुच्चा पंचायत अंतर्गत सीघरसमा गांव निवासी गागो चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया कैदी की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम एवं मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, गागो चौधरी को करीब डेढ़ महीने पहले मानसी थाना पुलिस ने कांड संख्या-122/26 में आर्म्स एक्ट एवं मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया था। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में खगड़िया मंडल कारा भेजा गया था, जहां से वह तब से बंद था।

रविवार की शाम गागो चौधरी अन्य बंदियों के साथ जेल परिसर में टहल रहा था। इसी दौरान अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा और वह जमीन पर गिर पड़ा। साथी बंदियों ने तत्काल इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी। आनन-फानन में उसे मंडल कारा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन सदर अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जेल अधीक्षक राधेश्याम सुमन ने बताया कि बंदी की तबीयत बिगड़ने के तुरंत बाद उसे चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई और बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही की जा सकेगी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। नियमानुसार मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

अमित की रिपोर्ट