मुंगेर में श्रीकृष्ण सेतु पर भीषण सड़क हादसा: बारात से लौट रही बस और कार की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, 10 घायल

मुंगेर जिले में रफ्तार के कहर ने एक युवक की जान ले ली, जबकि कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना अहले सुबह श्रीकृष्ण सेतु पर हुई, जहां बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर में कार सवार युवक की जान चली गई.....

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले में शुक्रवार की अहले सुबह श्रीकृष्ण सेतु पर तेज रफ्तार के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हो गए। बारात से लौट रही बस और सामने से आ रही कार के बीच हुई यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार 35 वर्षीय युवक आकाश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही।


बारातियों से भरी बस और कार के बीच भिड़ंत, पिता-पुत्र गंभीर रूप से जख्मी

मिली जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के विशनपुर गांव के लोग बारात में शामिल होकर सिंघिया से वापस लौट रहे थे और बस में सवार अधिकांश बाराती गहरी नींद में थे। इसी दौरान श्रीकृष्ण सेतु पर सामने से आ रही कार से बस की जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और कई बाराती भी जख्मी हो गए।


सदर अस्पताल में युवक मृत घोषित, वैशाली के गुरामिहा निवासी थे आकाश कुमार

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कार सवार आकाश कुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक आकाश कुमार वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरामिहा गांव के रहने वाले थे, जबकि हादसे में घायल उनके पिता अमरेंद्र कुमार की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।


मुफस्सिल व यातायात पुलिस ने हटवाए क्षतिग्रस्त वाहन, एक घंटे बाद बहाल हुआ यातायात

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को पुल से हटवाया, जिसके बाद श्रीकृष्ण सेतु पर लगी वाहनों की लंबी कतार छंटी और करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।


मुंगेर में तेज रफ्तार ने फिर छीनी जिंदगी, सड़क सुरक्षा पर चिंता

शुक्रवार तड़के हुई इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर मुंगेर में तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों के गंभीर रूप से घायल होने और युवक की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की आगे की छानबीन में जुटी है।


इम्तियाज की रिपोर्ट