बिहार विधान परिषद का सत्र शांतिपूर्ण चलाने पर सहमति, JDU का बड़ा दांव, घोटाले और अपराध पर घेरेगी राजद
सभापति रामबचन राय ने कहा कि बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। सभी दलों ने मिलकर यह निर्णय लिया है कि विधान परिषद की कार्यवाही सुचारू ढंग से संचालित की जाएगी।
Bihar Vidhansabha : बिहार विधान परिषद के आगामी सत्र को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से चलाने को लेकर शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में विधान परिषद के सभापति रामबचन राय, उपमुख्यमंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत विभिन्न दलों के नेता और सदस्य शामिल हुए। बैठक में पक्ष और विपक्ष ने सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चलाने पर सहमति जताई। साथ ही यह तय हुआ कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार सदस्यों के सवाल सुनेगी और उनका जवाब भी देगी।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सभी दलों के नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया और सदन को सुचारू रूप से चलाने को लेकर आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से जनहित से जुड़े जो भी मुद्दे उठाए जाएंगे, सरकार उन्हें सुनेगी और उन पर जवाब भी देगी। सभी पक्ष-विपक्ष मिलकर विधान परिषद की कार्यवाही शांतिपूर्ण तरीके से चलाएंगे।
वहीं, सभापति रामबचन राय ने कहा कि बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। सभी दलों ने मिलकर यह निर्णय लिया है कि विधान परिषद की कार्यवाही सुचारू ढंग से संचालित की जाएगी। उन्होंने भी स्पष्ट किया कि जनहित के मुद्दों पर सरकार सदस्यों के सवालों का जवाब देगी।
अपराध, भ्रष्टाचार और शिक्षा विभाग के मुद्दे उठाएगा RJD
सर्वदलीय बैठक के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने साफ कर दिया है कि वह सदन में सरकार से कई मुद्दों पर जवाब मांगेगा। राजद के विधान पार्षद अजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी अपराध, भ्रष्टाचार और शराबबंदी से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए जवाब तलब करेगी। उन्होंने कहा कि इन सवालों का सरकार को जवाब देना होगा।
अजय सिंह ने शिक्षा विभाग में कथित घोटाले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में 400 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला हुआ है। राजद इस मामले को सदन में उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेगा और जवाब मांगेगा।
इस तरह सर्वदलीय बैठक में जहां सदन को शांतिपूर्ण ढंग से चलाने पर सहमति बनी है, वहीं विपक्ष ने यह भी संकेत दे दिया है कि आगामी सत्र में अपराध, भ्रष्टाचार, शराबबंदी और शिक्षा विभाग से जुड़े आरोपों को लेकर सरकार से तीखे सवाल पूछे जाएंगे।
अभिजीत की रिपोर्ट