दरगाह से 50 मीटर दूर जलेगा मंदिर का दीपक! सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर ट्रस्ट बोर्ड सस्पेंड

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर एक बार दीपम (पारंपरिक धार्मिक दीपक) जलाने की अनुमति दी थी। लेकिन 24 नवंबर को अदालत के निर्देश के बावजूद वहां दीपक नहीं जलाया गया।

Subramaniya Swamy Temple
Subramaniya Swamy Temple- फोटो : news4nation

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश: सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को किया निलंबित, दो जजों की कमेटी संभालेगी प्रशासन


Supreme Court :  तमिलनाडु के मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित करते हुए मंदिर का प्रशासन अपने नियंत्रण में ले लिया है। इसके लिए दो न्यायाधीशों की सदस्यता वाली समिति गठित की गई है। यह कार्रवाई अदालत के 20 नवंबर के आदेश का पालन नहीं किए जाने के मामले में की गई है।


दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर एक बार दीपम (पारंपरिक धार्मिक दीपक) जलाने की अनुमति दी थी। लेकिन 24 नवंबर को अदालत के निर्देश के बावजूद वहां दीपक नहीं जलाया गया। इस मामले में अदालत ने पाया कि उसके आदेश की जानबूझकर अवहेलना की गई है। खास बात यह है कि मदुरै के जिलाधिकारी ने मद्रास हाईकोर्ट के सामने आदेश का पालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन भी दिया था।


न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित करने और प्रशासन की जिम्मेदारी दो न्यायाधीशों की समिति को सौंपने का आदेश दिया।


27 नवंबर को दीपम जलाने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि 27 नवंबर को दीपथून पर दीपम जलाया जाए। अदालत ने सभी श्रद्धालुओं को इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने की अनुमति भी दी है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की तैनाती का आदेश दिया गया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि दीपम दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर जलाया जाएगा। साथ ही पुलिस को दरगाह और उसके परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


राज्य प्रशासन पर अदालत की सख्त टिप्पणी

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ी टिप्पणी की। पीठ ने राज्य प्रशासन की स्थिति को 'संवैधानिक अराजकता' करार दिया। अदालत ने मदुरै के जिलाधिकारी के शुरुआती रवैये पर भी हैरानी जताई। पीठ ने कहा कि जिलाधिकारी के पास व्यापक अधिकार होने के बावजूद उन्होंने आदेश के पालन में विफलता की जिम्मेदारी मंदिर प्रशासन पर डालने की कोशिश की।


सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से मंदिर में दीपम जलाने के विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। अब 27 नवंबर को होने वाले धार्मिक अनुष्ठान और सुरक्षा व्यवस्था पर सभी की नजरें टिकी हैं।