Bihar News : मुजफ्फरपुर में डांसर बनने के जुनून में घर से भागी नाबालिग, पुलिस ने 72 घंटे में गोपालगंज से किया बरामद
Bihar News : मुजफ्फरपुर में डांसर बनने के जुनून में एक नाबालिग घर से भाग गयी. जिसे पुलिस ने 72 घंटे में गोपालगंज से बरामद कर लिया है......पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले के मनियारी थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक नाबालिग लड़की पर डांसर बनने का जुनून इस कदर सवार हुआ कि वह अपने परिवार को छोड़कर फरार हो गई। हालांकि, मनियारी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 72 घंटों के भीतर नाबालिग को गोपालगंज से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी चर्चा हो रही है।
पूरा मामला इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि नाबालिग की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक नर्तकी से हुई थी। वह नर्तकी वर्तमान में बिहार के गोपालगंज जिले में एक आर्केस्ट्रा समूह में डांसर के रूप में काम करती है। उसी के बहकावे में आकर और नृत्य की दुनिया में नाम कमाने की चाहत में नाबालिग ने घर छोड़ने का बड़ा कदम उठा लिया।
घटना बीते 9 फरवरी की है, जब नाबालिग छात्रा हमेशा की तरह अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। लेकिन जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने मनियारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू की।
मनियारी थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए पाया कि लड़की गोपालगंज में है। पुलिस की एक विशेष टीम ने छापेमारी कर घटना के 72 घंटे के अंदर युवती को वहां से बरामद कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अपनी डांसर सहेली के पास करियर बनाने की नीयत से गई थी। पुलिस ने बरामदगी के बाद नाबालिग को सुरक्षित मुजफ्फरपुर लाया है।
फिलहाल, पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। मनियारी थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद नाबालिग युवती को फर्द बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इसमें किसी संगठित गिरोह या मानव तस्करी का कोई पहलू तो शामिल नहीं है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नज़र रखने की अपील की है।
मणिभूषण की रिपोर्ट