Bihar News : औरंगाबाद में होली में भांग खाने से युवक की गयी जान, परिजनों में मचा कोहराम
AURANGABAD : औरंगाबाद में नशीली पदार्थ सेवन करने से एक युवक की मौत हो गई है,जो दाउदनगर अंचल में सहायक लिपिक के पद पर कार्यरत थे। मृतक की पहचान अम्बा थाना क्षेत्र के एरका ग्राम निवासी माधो राम के रूप में किया गया है। घटना के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि कल होली के मौके पर उन्होंने भांग खा लिया था। जबकि मृतक कभी भी नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करते थे। लेकिन कल उन्होंने भांग खा लिया था। जिसके बाद से उनकी तबियत बिगड़ने लगी।
इलाज हेतु युवक को अम्बा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु औरंगाबाद सदर हॉस्पिटल रेफर कर दिया, जिसके उपरांत परिजनों के द्वारा उन्हें औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों की देख रेख में पूरी रात उनका इलाज चला। लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका। जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उन्हें गया जी के लिए रेफर कर दिया। हालाँकि परिजनो ने गयाजी न ले जाकर मदनपुर के एक निजी क्लीनिक में उन्हें भर्ती करा दिया। जहां कुछ घंटों के बाद उनकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। वे दहाड़ मारकर रोने लगे जिससे मौके पर उपस्थित सभी की आंखे नम हो गई।
इस मौत को लेकर लोगो में कई तरह की चर्चा हो रही है , जिसको लेकर यह देखना लाजमी होगा कि वाकई में इनकी मौत भांग खाने से हुई है, या फिर कही जहरीली शराब सेवन का तो नतीजा नहीं है। भिन्न भिन्न तरह के लोगों में चर्चा हो रही है, जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मौत का कारण क्या है।
वही घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरा करते हुए अंतिम परीक्षण हेतु औरंगाबाद सदर हॉस्पिटल भेज दिया है।
दीनानाथ की रिपोर्ट