जेई पर गिरी निगरानी की गाज: पेवर्स ब्लॉक लगवाने के बदले मांग रहे थे 9000 घूस, SVU ने बिछाया जाल

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर जिले के साहिबगंज में बड़ी कार्रवाई की है। साहिबगंज में कार्यरत कनीय अभियंता अमन कुमार को ₹9,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया

Patna/Muzaffarpur -  बिहार की राजधानी पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आज भ्रष्टाचार के खिलाफ एक निर्णायक कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर के साहिबगंज में तैनात कनीय अभियंता (JE) अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जेई को परिवादी से ₹9,000 की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया गया। इस गिरफ्तारी के बाद जिले के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।

पेपर ब्लॉक लगवाने के एवज में मांगी थी घूस 

जानकारी के अनुसार, परिवादी राजकुमार तिवारी ने SVU कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि साहिबगंज में पेवर्स ब्लॉक लगाने के कार्य की अनुमति या प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले कनीय अभियंता अमन कुमार द्वारा ₹25,000 की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गुप्त जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए।

डीएसपी राजकुमार सिंह के नेतृत्व में बिछाया गया जाल 



शिकायत के सत्यापन के बाद SVU के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) राज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष 'धावा दल' का गठन किया गया। इस टीम में कई अन्य अनुभवी पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। योजना के मुताबिक, जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹9,000 जेई अमन कुमार को सौंपे, पहले से मुस्तैद निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

 इस पूरे प्रकरण में SVU ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई थाने में कांड संख्या 07/26 दर्ज किया है। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथा संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को लेकर पटना रवाना हो गई है, जहाँ उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।

अग्रतर कार्रवाई और जांच जारी 

निगरानी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जेई के खिलाफ साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि इस भ्रष्टाचार में क्या अन्य लोग भी शामिल थे। SVU ने स्पष्ट किया है कि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

Report - anil kumar