Bihar News : अपराध की 'राजधानी' बना मुजफ्फरपुर ! 24 घंटे में अपराधियों ने चौथी बार की गोलीबारी, खेत में काम कर रहे किसान को गोली मारकर किया जख्मी

MUZAFFARPUR : उत्तर बिहार का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मुजफ्फरपुर इन दिनों गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा है। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले में हुई चार अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। शहर से लेकर देहात तक, अपराधी जब चाहते हैं, जहाँ चाहते हैं, खून की होली खेलकर आसानी से निकल जा रहे हैं। सरैया से लेकर अहियापुर तक, पूरा जिला इस वक्त दहशत के साये में है।

ताजा मामला सरैया थाना क्षेत्र के नारायणपुर का है, जहाँ अपने खेत में शांति से काम कर रहे किसान रविंद्र राय को आपसी रंजिश के चलते अपराधियों ने गोली मार दी। इसके ठीक पहले अहियापुर के जीरो माइल जैसे व्यस्त इलाके में रंगदारी और शराब के मामलों में संलिप्त लक्ष्मी राय पर भी जानलेवा हमला हुआ। एक के बाद एक हुई इन चार वारदातों ने जिला प्रशासन और पुलिसिंग की पोल खोल कर रख दी है। 

जानकारी के मुताबिक, सरैया के नारायणपुर निवासी किसान रविंद्र राय अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया और गोली मार दी। बताया जा रहा है कि यह वारदात आपसी रंजिश के चलते अंजाम दी गई है। गोली लगने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे, जबकि किसान खेत में ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल रविंद्र राय को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के SKMCH (श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) रेफर कर दिया है। अस्पताल में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और वे जीवन-मौत के बीच जूझ रहे हैं।

एक के बाद एक हुई चार गोलीबारी की घटनाओं ने मुजफ्फरपुर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर से लेकर देहात तक अपराधियों के बढ़ते तांडव ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। लगातार हो रही इन वारदातों से आम जनता के बीच भारी आक्रोश और असुरक्षा का भाव पैदा हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद सरैया थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आपसी रंजिश के पहलुओं को खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। जिला प्रशासन अब बैकफुट पर है और वरिष्ठ अधिकारी जल्द ही इन मामलों के खुलासे का दावा कर रहे हैं।

मणिभूषण की रिपोर्ट