Bihar Crime News: लूडो की बाजी बनी मौत का खेल, मामूली तकरार में फौजी के बेटे को मारी गोली, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचे 5 आरोपी
Bihar Crime News:लूडो के खेल के दौरान शुरू हुआ मामूली झगड़ा देखते ही देखते खूनी वारदात में तब्दील हो गया।...
Bhagalpur: जिले के पिरपैंती इलाके में लूडो के खेल के दौरान शुरू हुआ मामूली झगड़ा देखते ही देखते खूनी वारदात में तब्दील हो गया। खेल की बाजी पलटते ही गुस्से की चिंगारी ऐसी भड़की कि गोलियां चल गईं और एक फौजी के बेटे को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस सनसनीखेज गोलीकांड ने पूरे इलाके में दहशत और हलचल मचा दी। हालांकि पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस कांड का पर्दाफाश कर दिया और मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक 9 मार्च की रात पिरपैंती थाना क्षेत्र में कुछ युवक आपस में बैठकर लूडो खेल रहे थे। हंसी-मजाक और गपशप के बीच खेल चल रहा था, लेकिन अचानक किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस गरमागरम विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने गुस्से में पिस्तौल निकाल ली और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे ऋषभ झा को जा लगी, जो एक फौजी का बेटा बताया जा रहा है।
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जख्मी हालत में ऋषभ झा को परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन 10 मार्च को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही इलाके में मातम पसर गया और घटना को लेकर भारी आक्रोश भी देखा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई और तुरंत जांच शुरू कर दी। कहलगांव एसडीपीओ के नेतृत्व में पिरपैंती थाना पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और लगातार छापेमारी के जरिए पूरे मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। आखिरकार पुलिस ने इस कांड का खुलासा करते हुए सौरभ शाह को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया।
पुलिस ने सौरभ शाह के अलावा भानु कुमार, प्रीतम कुमार समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पिस्तौल, कारतूस, खोखा और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी और मृतक एक-दूसरे को पहले से जानते थे और साथ बैठकर लूडो खेल रहे थे।
सीनियर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को इस मामले में तकनीकी जांच के आधार पर बड़ी सफलता मिली है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम की असली वजह सामने आ सकती है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।
रिपोर्ट- अंजनी कश्यप