विधायक ई. अजीत कुमार ने नए विद्यालय भवन का किया शिलान्यास, एक साल में काम पूरा करने का लक्ष्य

विधायक ई. अजीत कुमार ने नए विद्यालय भवन का किया शिलान्यास- फोटो : नरोत्तम कुमार

Muzaffarpur : जिले के मड़वन प्रखंड के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदपुर सुबे में गुरुवार को विकास कार्यों को गति देते हुए कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई. अजीत कुमार ने 10 कमरों वाले नए विद्यालय भवन के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड की देखरेख में बनने वाले इस भव्य और आधुनिक भवन के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गान प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।


बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए आधारभूत सुविधाएं जरूरी: विधायक 

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि समाज और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस 10 कमरों के नए भवन के निर्माण से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए एक बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। विधायक ने संवेदक और कनीय अभियंता को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य को एक वर्ष के भीतर पूरा करना है और इसकी गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


प्रधानाध्यापक की शिकायत पर तुरंत एक्शनकल पहुंचेगी PHED की टीम 

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशिरंजन कुमार ने विधायक का ध्यान स्कूल की एक बड़ी समस्या की ओर आकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि लगभग 1200 छात्र-छात्राओं वाले इस बड़े विद्यालय में लंबे समय से पेयजल की समुचित व्यवस्था दुरुस्त नहीं है, जिससे बच्चों को भारी परेशानी होती है। इस पर विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मंच से ही तत्काल पीएचईडी (PHED) के उच्च अधिकारियों को फोन लगाया और उन्हें अगले ही दिन शुक्रवार को विद्यालय पहुंचकर पेयजल की समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।


महीने के कार्यकाल में विकास कार्यों को दी नई रफ्तार 

विधायक अजीत कुमार ने अपने संबोधन में अपने छोटे से कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि उनके पांच महीने के कार्यकाल में कांटी विधानसभा क्षेत्र के भीतर चौतरफा विकास कार्य तेज गति से चलाए जा रहे हैं। वे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधारने, सड़कों को दुरुस्त करने और हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने जैसी मूलभूत जन-सुविधाओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल कर काम कर रहे हैं और आगे भी क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद रहे स्थानीय जनप्रतिनिधि 

इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के शुभारंभ के मौके पर स्थानीय नेताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रही। मुख्य रूप से जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, पूर्व प्रमुख मो. मोहसिन, संवेदक सरोज कुमार रंजन, कनीय अभियंता ई. रौशन कुमार, उत्तम कुमार, रामबालक ओझा, उप मुखिया प्रेम कुमार और नागेंद्र गिरी उपस्थित थे। इनके अलावा अंकेश ओझा, अशोक दुबे, मन्नू झा, ललन कुमार, किशोरी राय, पवन कुमार, मो. मोजीब, इंदल साह, विपिन ओझा, विनोद पासवान, ज्ञानी शाह, अरुण राय, कामेश्वर पंडित, नवल राय और अमर राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।


नरोत्तम की रिपोर्ट