उत्तर बिहार की सबसे बड़ी मंडी में खुली पुलिस चौकी, गुंडों-मवालियों के लिए 'नो एंट्री', SSP बोले- व्यापारियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता
मुजफ्फरपुर के बाजार समिति में व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस नाका का उद्घाटन किया गया। DM सुब्रत कुमार सेन और SSP कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Muzaffarpur - उत्तर बिहार के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र मुजफ्फरपुर बाजार समिति में व्यापारियों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से बाजार समिति परिसर में नवनिर्मित पुलिस नाका का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य व्यापारियों के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना और अपराध पर लगाम लगाना है।
उत्तर बिहार का प्रमुख व्यापारिक केंद्र
उल्लेखनीय है कि मुजफ्फरपुर का बाजार समिति परिसर उत्तर बिहार की अघोषित व्यापारिक राजधानी माना जाता है। यहाँ से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक माल लोड होकर बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल तक किराना और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई की जाती है। भारी वित्तीय लेनदेन और माल की आवाजाही को देखते हुए यहाँ सुरक्षा की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता: SSP
उद्घाटन के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सरकार और पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अहियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला यह परिसर व्यापारिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस नाका शुरू होने से अब यहाँ चौबीसों घंटे पुलिस बल की मौजूदगी रहेगी, जिससे अपराधी तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सकेगी।
सुरक्षित वातावरण में होगा कारोबार: DM
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि बाजार समिति में व्यापारियों को एक भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस पुलिस नाके के खुलने से न केवल स्थानीय व्यापारियों को लाभ होगा, बल्कि बाहर से आने वाले ट्रक चालकों और मालवाहकों को भी सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों के साथ हर कदम पर खड़ा है।
व्यापारियों में खुशी की लहर
बाजार समिति परिसर में पुलिस नाका खुलने से स्थानीय व्यवसायियों ने राहत की सांस ली है। व्यवसायियों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता बढ़ने से अब वे बिना किसी डर के देर रात तक अपना कारोबार कर सकेंगे। उद्घाटन के दौरान कई वरीय पुलिस अधिकारी और बाजार समिति के प्रमुख व्यापारी प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Report - Mani bhushan sharma