Muzaffarpur Excise Raid: मोतीपुर में आलू के ट्रक से 18 लाख की शराब बरामद, अहियापुर में कार से खेप जब्त

मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने मोतीपुर में आलू के ट्रक से करीब 18 लाख की शराब व अहियापुर में कार से खेप जब्त कर दो को दबोचा। जानें पूरी खबर।

मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग ने आलू के ट्रक व कार से किया शराब जब्त- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से शराब की बड़ी खेप बरामद की है। एक ओर जहां मोतीपुर के पास आलू लदे ट्रक से भारी मात्रा में शराब पकड़ी गई, वहीं दूसरी ओर अहियापुर थाना क्षेत्र में एक लग्जरी कार से भी शराब के कार्टून जब्त किए गए हैं। इस अभियान के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।


आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी 18 लाख की शराब


मुख्यालय के निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मोतीपुर के पास उत्तर प्रदेश से आलू के ट्रक पर शराब की खेप लाई जा रही है। इसके बाद एएसआई नीरज कुमार के नेतृत्व में टीम ने मोतीपुर के समीप आलू लदे ट्रक की तलाशी ली, जिसमें ऊपर आलू की बोरियों के नीचे शराब के कार्टून छिपाकर रखे मिले। उत्पाद विभाग की टीम ट्रक को जब्त कर उत्पाद थाना ले आई, जहां से 180 कार्टून शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।


अहियापुर के भीखनपुर में लग्जरी कार से शराब के दर्जनों कार्टून बरामद


इसी कड़ी में उत्पाद विभाग ने अहियापुर थाना क्षेत्र के भीखनपुर के समीप भी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से शराब के दर्जनों कार्टून बरामद किए। तस्कर लग्जरी वाहन के जरिए अवैध शराब की खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे, लेकिन उत्पाद टीम की सतर्कता से मंसूबे नाकाम हो गए।


सोनपुर से सीतामढ़ी डिलीवरी देने जा रहे थे कारोबारी, दो गिरफ्तार


इस कार्रवाई के दौरान दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वे सोनपुर से शराब की खेप लेकर सीतामढ़ी में डिलीवरी देने जा रहे थे। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट