Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब के साथ होली का जश्न मनाने के मंसूबे पर फेरा पानी, छुपाकर रखे लाखों की विदेशी शराब किया बरामद
MUZAFFARPUR : होली के त्योहार को लेकर शराब कारोबारियों द्वारा भंडारण की कोशिशों के बीच मुजफ्फरपुर पुलिस और उत्पाद विभाग ने उनके मंसूबों को मिट्टी में मिलाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सकरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाइयां करते हुए लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब जब्त की है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही कारोबारी मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
पूरा मामला सकरा थाना क्षेत्र का है, जहाँ प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी शिवानी श्रेष्ठा को गुप्त सूचना मिली थी कि संभा गांव में शराब की एक बड़ी खेप का भंडारण किया गया है। सूचना के मुताबिक, इस खेप को होली के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ने तत्काल दल-बल के साथ गांव में छापेमारी की, जहाँ से पुलिस ने लगभग 900 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
प्रशिक्षु डीएसपी शिवानी श्रेष्ठा ने अपनी कार्रवाई को यहीं नहीं रोका और दूसरी दबिश थाना क्षेत्र के दरधा गांव में दी। यहाँ से भी पुलिस ने 85 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की। दोनों ही मामलों में शराब की बोतलों को सुरक्षित कमरों और झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस की सक्रियता से शराब की यह खेप तस्करों के हाथ लगने से पहले ही जब्त कर ली गई, जिससे अवैध शराब के सिंडिकेट को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
मामले की जानकारी देते हुए प्रशिक्षु डीएसपी ने बताया कि जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के सख्त निर्देश पर इन दिनों शराब और तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें चिन्हित कर लिया है। इन कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
होली के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के धंधे में शामिल अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब का भंडारण या निर्माण हो रहा हो, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट