Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधी ने पुलिस को मारी गोली, जवाबी कार्रवाई में मारा गया कुख्यात पप्पू सहनी
Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर कुख्यात अपराधी ने फायरिंग कर दिया. जिससे दारोगा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. हालाँकि पुलिस ने उसे मार गिराया है.....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले के बेला थाना क्षेत्र में अपराधियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस टीम जब कुख्यात अपराधी पप्पू सहनी को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने दुस्साहस दिखाते हुए पुलिस पर ही फायरिंग झोंक दी। इस हमले में बेला थाने के ASI विकास कुमार सिंह को पेट में गोली लगी है। हालांकि, जवाबी कार्रवाई और अस्पताल में इलाज के दौरान घायल अपराधी पप्पू सहनी की मौत हो गई। अब इस पूरी घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है।
सादे लिबास में पहुंची पुलिस पर हमला
सामने आए वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब सादे लिबास में पुलिसकर्मी पप्पू सहनी को दबोचने पहुंचे, तो वह बीच सड़क पर ही पुलिस से भिड़ गया। इसी खींचतान के दौरान पप्पू ने अपनी पिस्टल से गोली चला दी, जो सीधे ASI विकास कुमार सिंह के पेट में जा लगी। वीडियो में गोली चलने की आवाज और उसके बाद मची अफरा-तफरी साफ तौर पर दिखाई और सुनाई दे रही है।
भीड़ का गुस्सा और पुलिस से मुठभेड़
पुलिस अधिकारी को गोली लगते देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने साहस दिखाते हुए भाग रहे अपराधी पप्पू सहनी को खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में पुलिस उसे हिरासत में लेकर बेला थाने ले गई। बताया जा रहा है कि थाने से भागने की कोशिश के दौरान पुलिस के साथ उसकी दोबारा मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने उसके पैरों में गोली मारी।
इलाज के दौरान मौत, ASI की हालत गंभीर
मुठभेड़ में घायल होने के बाद पप्पू सहनी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी तरफ, गोली लगने से घायल ASI विकास कुमार सिंह का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि पप्पू सहनी एक शातिर अपराधी था, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे और उसके खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया भी चल रही थी।
प्रशासनिक रुख और वीडियो की जांच
एसएसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम वारंटी को पकड़ने गई थी, जहाँ अपराधी ने हमला किया। पुलिस अब वायरल वीडियो की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को पूरी तरह से जोड़ा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर मुजफ्फरपुर में अपराधियों के बेखौफ होते मंसूबों और पुलिस की चुनौतियों को उजागर कर दिया है।
मणिभूषण की रिपोर्ट