Bihar News : मुजफ्फरपुर में 'यूपी मॉडल' एक्शन, रंगदारी के आरोपी कुख्यात सोनू चौधरी के घर पर चला बुलडोजर

Bihar News : मुजफ्फरपुर में रंगदारी मांगने के आरोपी सोनू चौधरी के घर पर बुलडोज़र चलाया गया है. इससे अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है.......पढ़िए आगे

फरार अपराधी के घर चला बुलडोज़र - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पदभार संभालते ही अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर पुलिस ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी मामले में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी सोनू चौधरी के घर पर 'यूपी मॉडल' के तर्ज पर बुलडोजर चलाया है। पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के अतरार गांव का निवासी सोनू चौधरी एक शातिर अपराधी है। वह रंगदारी के एक मामले में पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए काफी समय से फरार चल रहा था। बार-बार नोटिस के बावजूद आत्मसमर्पण न करने पर औराई थाना प्रभारी राजा सिंह ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद न्यायालय ने अपराधी के घर की कुर्की-जब्ती का आदेश निर्गत किया।

शनिवार को औराई थाना प्रभारी राजा सिंह भारी पुलिस बल के साथ अतरार गांव पहुंचे और कोर्ट के आदेश के आलोक में कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान पुलिस ने न केवल घर का सामान जब्त किया, बल्कि कुख्यात अपराधी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलवाकर उसे ध्वस्त कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को राज्य में कानून व्यवस्था को सख्त करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

मामले की जानकारी देते हुए हेडक्वार्टर डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि सोनू चौधरी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिस पर अब तक की जांच में अलग-अलग जिलों के विभिन्न थानों में कुल सात संगीन मामले दर्ज पाए गए हैं। औराई थाने में दर्ज रंगदारी के एक गंभीर मामले में वह मुख्य आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। कोर्ट से विधिवत आदेश प्राप्त होने के बाद ही आज उसके पैतृक आवास पर यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।

डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में सक्रिय अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। सोनू चौधरी के घर की कुर्की-जब्ती और बुलडोजर एक्शन के माध्यम से अपराधियों को यह कड़ा संदेश दिया गया है कि वे या तो कानून के सामने आत्मसमर्पण करें, अन्यथा इसी तरह की कठोर कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें। फिलहाल पुलिस फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

मणिभूषण की रिपोर्ट