जरासंध जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए विस अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, प्रतिमा पर पुष्पांजलि कर किया नमन

जरासंध जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए विस अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार- फोटो : राज

Nalanda : महाराज जरासंध की जयंती के अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने नालंदा जिले के हिलसा स्थित दारोगा कुआं में आयोजित पूजा-अर्चना कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने महाराज जरासंध के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और समाज के लोगों से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।


मगध की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक थे महाराज जरासंध: डॉ. प्रेम कुमार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि महाराज जरासंध भारतीय इतिहास के प्रतापी सम्राट, कुशल योद्धा और मगध की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तित्व शौर्य, साहस, संगठन शक्ति और दृढ़ संकल्प का परिचायक है तथा मगध साम्राज्य के विस्तार और प्रतिष्ठा स्थापित करने में उनका अहम योगदान रहा। 


उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को उनके जीवन, संघर्ष और कृतित्व से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता को अक्षुण्ण रखा जा सके। साथ ही उन्होंने एकता, शिक्षा और संगठन को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लेने की अपील की।


संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा, प्रसाद के रूप में ग्रहण किया गन्ना

समारोह में महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री रणभुजा रोशन चंद्रवंशी ने भी संगठन की मजबूती और समाज की एकजुटता पर अपने विचार रखे। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री अमित चंद्रवंशी के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में इंद्र कुमार, विकास कुमार, संजय कुमार और गणेश कुमार चंद्रवंशी सहित सैकड़ों की संख्या में चंद्रवंशी समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. प्रेम कुमार समेत सभी मौजूद लोगों ने प्रसाद के रूप में गन्ने का सेवन किया।


राज की रिपोर्ट