'नीतीश सेतु' के उद्घाटन और क्रेडिट को लेकर विपक्ष के दावों पर डिप्टी सीएम विजेन्द्र यादव का पलटवार, कहे यह बात
बिदुपुर सिक्स लेन पुल के 'नीतीश सेतु' नामकरण को लेकर मचे घमासान पर डिप्टी सीएम विजेन्द्र यादव की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। कहा कि पुल निर्माण का श्रेय नीतीश कुमार को जाता है। असली कार्यक्रम पोस्टर या बैनर से नहीं, बल्कि जनता के बीच होते हैं...
Patna : उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि असली कार्यक्रम पोस्टर या बैनर से नहीं, बल्कि जनता के बीच होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुल निर्माण का श्रेय नीतीश कुमार को जाता है और वे सरकार तथा एनडीए का हिस्सा हैं, इसलिए पोस्टर या तस्वीर में फोटो न होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। विजेंद्र यादव ने कहा कि राजद के लोग हर मुद्दे पर विवाद करते हैं, जबकि जदयू और भाजपा के बीच सब कुछ सही है और अभी विधानसभा चुनाव का माहौल नहीं है।
पुल के उद्घाटन और पीएम की मौजूदगी को लेकर कही यह बात
'नीतीश सेतु' के नामकरण और उद्घाटन को लेकर उठ रहे सवालों पर विजेंद्र यादव ने कहा कि यह निर्णय एनडीए सरकार के तहत हुआ है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए के नेता हैं। उन्होंने विपक्ष के उन सवालों को खारिज किया जिनमें उद्घाटन और कार्यक्रमों को लेकर तंज कसा जा रहा था, और कहा कि परिचालन व ट्रायल अपनी प्रक्रिया के अनुसार होते हैं, जबकि राजनीतिक बहस बेवजह की जा रही है।
निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की चर्चाओं पर दी प्रतिक्रिया
निशांत कुमार के उपमुख्यमंत्री बनने को लेकर चल रही अटकलों पर विजेंद्र यादव ने कहा कि जो भी निर्णय होगा, उस पर बैठकर विचार और फैसला लिया जाएगा। 'आशीर्वाद' से जुड़े सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि राजनीति में आशीर्वाद नहीं, बल्कि सहयोग और समन्वय होता है, जबकि आशीर्वाद देवी-देवताओं के बीच होता है। वहीं, जदयू कोटे से केवल एक डिप्टी सीएम रहने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि आजकल सिर्फ चर्चाओं का दौर है, लेकिन असली महत्व काम का होता है।
विपक्ष के आरोपों और भीड़ में धक्का-मुक्की पर बोले विजेंद्र यादव
विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और तीन-तीन वेतन उठाने से जुड़े सवाल पर विजेंद्र यादव ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। वहीं, पत्रकारों और मौजूद लोगों के बीच हुई धक्का-मुक्की की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि भीड़ में कभी-कभी अनजाने में ऐसी बातें हो जाती हैं, जो एक सामान्य प्रक्रिया है।
निवेश के माहौल और नीतीश कुमार की लोकप्रियता का किया जिक्र
राज्य में निवेश के माहौल को लेकर विजेंद्र यादव ने कहा कि आज भी बड़े पैमाने पर निवेश की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि भले ही आजकल तरह-तरह की चर्चाएं चलती रहती हों, लेकिन नीतीश कुमार जनता के दिलों में बसे हैं और उनके काम ही उनकी पहचान हैं।
अभिजीत की रिपोर्ट