पटना NEET छात्रा मौत केस: CBI की जांच पर कोर्ट नाराज, लगाईं फटकार, सख्त टिप्पणी

मामला पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल का है। यहां रहकर NEET की तैयारी कर रही जहानाबाद की 17 वर्षीय छात्रा 6 जनवरी 2026 को अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थी, जिसकी बाद में मौत हो गई

Patna NEET Student Death Case
Patna NEET Student Death Case - फोटो : news4nation

Patna NEET Student Death Case : बिहार की राजधानी पटना के चर्चित NEET छात्रा संदिग्ध मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शुक्रवार को पॉक्सो कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने अब तक जांच की फाइनल रिपोर्ट दाखिल नहीं किए जाने पर सीबीआई को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने जांच एजेंसी को जल्द से जल्द अंतिम रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।


बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के करीब आठ से नौ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच पूरी कर अंतिम रिपोर्ट अदालत में नहीं सौंपी गई है। जांच में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने एजेंसी से जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने को कहा। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को निर्धारित की गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि अगली सुनवाई में सीबीआई फाइनल रिपोर्ट दाखिल करती है या नहीं।


क्या है पटना NEET छात्रा मौत मामला?

यह मामला पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल का है। यहां रहकर NEET की तैयारी कर रही जहानाबाद की 17 वर्षीय छात्रा 6 जनवरी 2026 को अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद छात्रा के परिजनों ने यौन उत्पीड़न और साजिश की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच में सामने आए तथ्यों के बाद मामला और गंभीर हो गया। शुरुआत में पटना पुलिस की एसआईटी ने जांच की, लेकिन परिजनों के असंतोष और लगातार उठ रहे सवालों के बीच बिहार सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी। सीबीआई ने 12 फरवरी को जांच अपने हाथ में ली थी। 

 

आठ महीने की जांच के बाद CBI की क्लोजर रिपोर्ट

इस मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम 6 अक्टूबर 2026 को सामने आया, जब सीबीआई ने पॉक्सो की विशेष अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की। जांच एजेंसी का कहना था कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर किसी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा चलाने लायक पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं। इसके बाद अदालत ने मृतका के पिता को नोटिस जारी कर रिपोर्ट पर उनका पक्ष और आपत्तियां मांगी थीं। 

 

13 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान विशेष पॉक्सो अदालत ने जांच में कथित कमियों और सीसीटीवी फुटेज सहित तकनीकी साक्ष्य जुटाने में हुई देरी को लेकर सवाल उठाए थे। अदालत ने सीबीआई के जांच अधिकारियों से भी जवाब मांगा था।

  


25 नवंबर की सुनवाई पर टिकी निगाहें

अब 25 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई में सीबीआई की जांच और क्लोजर रिपोर्ट पर अदालत के सामने उठाए गए सवालों को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। सबसे अहम सवाल यह है कि अदालत क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार करती है या जांच में कमियां पाते हुए आगे की जांच का निर्देश देती है।


अनिल की रिपोर्ट