Rajgir murder case: राजगीर महोत्सव घुमाने के बहाने बेटी के साथ खौफनाक कांड, प्रेम प्रसंग से नाराज परिवार पर गंभीर आरोप

Rajgir murder case: नालंदा के राजगीर में 16 वर्षीय किशोरी का शव मटिहानी खंधा में मिला। पुलिस ने हत्या के संदेह में मां और भाई को हिरासत में लिया है। दो अन्य आरोपित फरार हैं।

Rajgir murder case: बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में 16 वर्षीय किशोरी की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार को उसका शव राजगीर थाना क्षेत्र के मटिहानी खंधा स्थित सुनसान इलाके में मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। मामले में पुलिस ने मृतका की मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दो अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।


पुलिस के अनुसार, किशोरी को राजगीर महोत्सव घुमाने के बहाने घर से लाया गया था। आरोप है कि इसके बाद उसे सुनसान जगह पर ले जाकर डंडे से सिर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


राजगीर महोत्सव घुमाने के बहाने घर से लाई गई थी किशोरी


मृतका की पहचान पावापुरी ओपी क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी 16 वर्षीय अंजलि के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को उसकी मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार उसे राजगीर महोत्सव दिखाने के बहाने घर से लेकर आए थे। प्रारंभिक जांच में आरोप है कि मां और भाई ने पहले से दो अन्य लोगों को मटिहानी खंधा के पास बुला रखा था। वहां पहुंचने के बाद किशोरी को सुनसान इलाके में ले जाया गया। इसके बाद उसके सिर पर लाठी-डंडे से कई वार किए गए। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


मटिहानी खंधा में मिला किशोरी का शव, पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा


डायल-112 की टीम को मटिहानी खंधा के पास एक नाबालिग का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने दो लोगों को संदिग्ध स्थिति में घटनास्थल से भागते देखा। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। बाद में राजगीर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पकड़े गए लोगों से शव की पहचान कराई गई तो उन्होंने मृतका को अपनी बेटी और बहन बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।


घटनास्थल से खून लगा डंडा बरामद, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा एक डंडा भी बरामद किया है।मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


मां ने पुलिस को सुनाई थी अज्ञात हमलावर की कहानी


हिरासत में लिए जाने से पहले निर्मला देवी ने पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी अंजलि पटना में इंटरमीडिएट की पढ़ाई करती थी और पिछले छह महीने से गांव में रह रही थी। उनके मुताबिक, शनिवार सुबह वह अपने बेटे नवीन और बेटी अंजलि के साथ राजगीर महोत्सव घूमने आई थीं।निर्मला देवी ने दावा किया था कि लौटते समय वे खंधा के रास्ते शॉर्टकट से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने डंडे से अंजलि पर हमला कर दिया और फरार हो गया। हालांकि, घटनास्थल से मां-बेटे के भागने और पुलिस की प्रारंभिक जांच में उनके बयान पर संदेह जताया गया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।


प्रेम-प्रसंग को हत्या की संभावित वजह मान रही पुलिस


राजगीर के डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में इस वारदात में चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। मां और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रेम-प्रसंग को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। डीएसपी के मुताबिक, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और घटनाक्रम की सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।