Bihar News : नालंदा में चाचा चाची ने की भतीजे की बेरहमी से पिटाई, दोनों आँखों की गयी रौशनी, डॉक्टरों ने कहा- इलाज असंभव...
NALANDA : बिहार के नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के लोहरा गांव स्थित मुसहरी टोला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रंजिश के चलते चाचा-चाची ने मिलकर अपने ही 12 वर्षीय भतीजे सन्नी कुमार की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी दोनों आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
खेल-खेल में लगी चोट बनी रंजिश की वजह
जानकारी के अनुसार, घायल सन्नी कुमार स्थानीय सरकारी विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता श्रवण कुमार तांती मजदूरी करते हैं और होटल में काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सन्नी अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा है। परिजनों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले सन्नी अपने भाई के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेल-खेल में पड़ोस में रहने वाली सुग्गी देवी के बेटे साहिल को आंख में हल्की चोट लग गई थी। इस छोटी सी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था।
अकेला पाकर किया बेरहमी से हमला
आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते 17 अप्रैल को सन्नी को अकेला पाकर उसकी चाची सुग्गी देवी ने अपने पति और अन्य लोगों के साथ मिलकर बच्चे को घेर लिया और बेरहमी से उसकी पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने सन्नी की आंखों को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पटना में डॉक्टरों ने कहा- रोशनी आना नामुमकिन
घटना के बाद परिजन लहूलुहान सन्नी को आनन-फानन में बिहारशरीफ के सदर अस्पताल ले गए। लेकिन, उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया। पटना में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद स्पष्ट कर दिया कि सन्नी की आंखों की रोशनी वापस आना अब संभव नहीं है।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
रविवार दोपहर जब परिजन सन्नी को लेकर गाँव पहुँचे, तो उसकी हालत देखकर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग आक्रोशित हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। एक मासूम की जिंदगी खराब करने वाली इस घटना से पूरा लोहरा गाँव स्तब्ध है और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहा है।
राज की रिपोर्ट