भाजपा नेता श्रवण कुमार अग्रवाल ने 'नीतीश सेतु' नामकरण पर जताई खुशी : तेजस्वी के दावों को बताया भ्रामक, गिनाया परियोजना का इतिहास

कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर सिक्स-लेन पुल के नीतीश सेतु नामकरण को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी द्वारा किए जा रहे सियासत पर बीजेपी नेता श्रवण कुमार अग्रवाल ने कड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने इस परियोजना के पूरे इतिहास को बताते हुए तेजस्वी से जवाब मांगा..

भाजपा नेता श्रवण कुमार अग्रवाल ने 'नीतीश सेतु' नामकरण पर जता
भाजपा नेता श्रवण कुमार अग्रवाल ने 'नीतीश सेतु' नामकरण पर जताई खुशी- फोटो : अभिजीत

Patna : बिहार भाजपा के नेता श्रवण कुमार अग्रवाल ने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर सिक्स-लेन पुल को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा की जा रही राजनीतिक बयानबाजी पर कड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव को इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूरे इतिहास और सही तथ्यों की जानकारी नहीं है। श्रवण कुमार अग्रवाल ने कहा कि इस पुल के निर्माण का पूरा श्रेय नीतीश कुमार और भाजपा-जदयू सरकार को जाता है।


वर्ष 2010 में परिकल्पना और 2012-13 में आगे बढ़ी प्रक्रिया

श्रवण कुमार अग्रवाल ने परियोजना के चरणों का जिक्र करते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण पुल की परिकल्पना वर्ष 2010 में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी की सरकार के समय शुरू हुई थी। उनके मुताबिक, वर्ष 2012 में इस पुल की डीपीआर (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हुई, जबकि 2013 में सलाहकार नियुक्त किया गया और उसी वर्ष पुल निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया भी आरंभ हुई।


मई 2015 में मिली प्रशासनिक स्वीकृति, अगस्त 2015 में हुआ शिलान्यास

भाजपा नेता ने बताया कि मई 2015 में इस पुल को लेकर प्रशासनिक स्वीकृति मिली। निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 23 अगस्त 2015 को पटना के अधिवेशन भवन में तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री ललन सिंह की अध्यक्षता में नीतीश कुमार द्वारा इस ऐतिहासिक पुल का शिलान्यास किया गया। उन्होंने सवाल किया कि तेजस्वी यादव किस हैसियत से यह गलत बयानबाजी कर रहे हैं कि पुल का निर्माण उन्होंने शुरू करवाया।


जनता को गुमराह करने का आरोप, लालू-राबड़ी शासनकाल पर भी साधा निशाना

श्रवण कुमार अग्रवाल ने कहा कि तेजस्वी यादव जनता को गुमराह करके झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि इसका श्रेय आधुनिक बिहार के शिल्पकार नीतीश कुमार तथा भाजपा-जदयू सरकार को ही जाता है। उन्होंने कहा कि जनता को बरगलाने और राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय तेजस्वी यादव को यह बताना चाहिए कि उनके पिता लालू प्रसाद और माता राबड़ी देवी के शासनकाल में बिहार में कौन-कौन सी बड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाएं शुरू हुईं और पूरी की गईं।


'नीतीश सेतु' नामकरण पर जताई खुशी, शनिवार को उद्घाटन को लेकर उत्साह

उन्होंने कहा कि संपूर्ण बिहारवासियों के लिए यह गौरव की बात है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने इस पुल का नाम 'नीतीश सेतु' किया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका उद्घाटन किया जाएगा, जिसे लेकर पूरे बिहार में उमंग और उत्साह का वातावरण है।


अभिजीत की रिपोर्ट