बांका एसपी अमितेश कुमार का सख्त निर्देश: लंबित कांडों के निष्पादन में लाएं तेजी, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

बांका एसडीपीओ कार्यालय के वार्षिक निरीक्षण में एसपी अमितेश कुमार ने कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कांडों के तेजी से निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब-हथियार के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश दिया।

banka sp amitesh kumar sdpo office annual inspection
बांका एसपी अमितेश कुमार ने किया एसडीपीओ कार्यालय निरीक्षण- फोटो : Reporter

जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय, बांका का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, लंबित मामलों के पर्यवेक्षण और अनुमंडल की कानून-व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। एसपी ने पदाधिकारियों को कार्यशैली में पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया।


अभिलेखों के रखरखाव और समयबद्ध अनुपालन पर जोर

निरीक्षण के क्रम में एसपी अमितेश कुमार ने कार्यालय कक्ष एवं परिसर की साफ-सफाई, महत्वपूर्ण अभिलेखों और विभिन्न पंजियों के संधारण की बारीकी से जांच की। उन्होंने पर्यवेक्षी टिप्पणियों के निष्पादन और लंबित कांडों के पर्यवेक्षण की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने और वरीय कार्यालयों से प्राप्त निर्देशों व प्रतिवेदनों का निर्धारित समय सीमा में अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़ी निगरानी

एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर विश्वास को निर्देश दिया कि अनुमंडल के शहरी इलाकों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखी जाए। अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस मॉनिटरिंग व सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता ऐसी होनी चाहिए कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम रहे।

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने थानों से प्राप्त मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लंबित कांडों के तेजी से निपटारे के लिए संबंधित थानों को उचित मार्गदर्शन देने तथा अनुसंधान कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि जांच और अनुसंधान में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


फरार आरोपियों और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई

एसपी अमितेश कुमार ने फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए निरंतर छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध हथियार और संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियानों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। उन्होंने थानों के माध्यम से प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।

जनसंवाद और शिकायतों के संवेदनशील निस्तारण पर बल

निरीक्षण के दौरान एसपी ने आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष व त्वरित निस्तारण हो और हर पदाधिकारी संवेदनशीलता तथा जवाबदेही के साथ अपने दायित्व निभाएं। इस मौके पर एसडीपीओ अमर विश्वास, पुलिस निरीक्षक आशुतोष कुमार, पुलिस पर्यवेक्षक बबलू कुमार और बांका थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट