Bihar News : राजगीर मॉब लिंचिंग को लेकर बिहारशरीफ में फूटा जनाक्रोश, 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी DM को सौंपा ज्ञापन

NALANDA : जिले के राजगीर के झुनकिया बाबा मंदिर परिसर में कथित मॉब लिंचिंग के शिकार हुए पिंटू पासवान और श्रवण पासवान को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को बिहारशरीफ की सड़कों पर जनाक्रोश देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों, पासवान समाज और राजनीतिक दलों के आह्वान पर निकाले गए न्याय मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। मार्च में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान भी शामिल हुए।

श्रम कल्याण केंद्र मैदान से शुरू हुआ मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहा था। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं तथा वे दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए थे।

कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जुलूस को रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस और नोकझोंक हुई। कई लोग सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने संयम बरतते हुए प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत की। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच सहमति बनी। इसके तहत 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को जिला प्रशासन से मिलने की अनुमति दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में झुनकिया बाबा मंदिर को तत्काल सील करने, मंदिर परिसर से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने, मामले की जांच किसी उच्च स्तरीय एजेंसी से कराने तथा दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।

गौरतलब है कि 14 जून की रात दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी पिंटू पासवान और श्रवण पासवान मलमास मेला देखने राजगीर गए थे। परिजनों का आरोप है कि झुनकिया बाबा मंदिर परिसर में चोरी के संदेह में दोनों की भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में लगातार आक्रोश बना हुआ है। पुलिस के अनुसार मामले में अब तक एक साधु सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपित ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

राज की रिपोर्ट